नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: देशभर के विद्यार्थियों से संवाद के लिए ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का राष्ट्रीय आयोजन शुक्रवार सुबह 10 बजे नई दिल्ली में किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विद्यार्थियों के मन में परीक्षा को लेकर उत्पन्न होने वाली शंकाओं का समाधान करेंगे और उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करेंगे। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच विशेष उत्साह का विषय बना हुआ है।
जबलपुर के छात्र पूछेंगे सवाल
इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र आयुष तिवारी भी शामिल होंगे। आयुष तिवारी प्रधानमंत्री से सीधे सवाल पूछेंगे, जो प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम
प्रदेश का राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित किया जाएगा। यहां विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और वरिष्ठ अधिकारी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखेंगे और संवाद का हिस्सा बनेंगे।
मंत्री नरसिंहपुर में लेंगे भाग
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर जिले के चावरपाठा विकासखंड के ग्राम तेंदूखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
नौवां संस्करण और व्यापक प्रसारण
इस वर्ष ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का नौवां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन, डीडी नेशनल, डीडी न्यूज, डीडी इंडिया, ऑल इंडिया रेडियो, पीएमओ वेबसाइट, यूट्यूब, फेसबुक लाइव, स्वयंप्रभा एवं दीक्षा चैनल सहित विभिन्न रेडियो और निजी चैनलों पर किया जाएगा।