
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम करने के लिए निशातपुरा स्टेशन को विकसित कर यहां ट्रेनों का ठहराव तो शुरू कर दिया गया, लेकिन यात्रियों की मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ती नजर आ रही हैं। स्टेशन पहुंचते ही सबसे पहले एंट्री-एग्जिट के रास्ते को लेकर उलझन होती है। लिफ्ट बंद मिलने पर बुजुर्गों, महिलाओं और भारी सामान के साथ आने वाले यात्रियों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ता है।
गुरुवार शाम 4:30 बजे निशातपुरा स्टेशन पहुंचकर मालवा एक्सप्रेस के यात्रियों से नवदुनिया की टीम ने बातचीत की और व्यवस्थाएं देखीं। शाम 5:15 बजे आने वाली ट्रेन के लिए यात्री पहुंचने लगे, लेकिन प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में उन्हें परेशानी हुई। कोई भारी सामान लेकर सीढ़ियां उतरता दिखा तो एक यात्री रेलवे ट्रैक पार करता नजर आया।
बातचीत में लोगों ने लिफ्ट बंद होने और रास्ता स्पष्ट नहीं होने की समस्या की बात कही। ऐसे में सवाल उठता है कि बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए बिना निशातपुरा स्टेशन को यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प कैसे बनाया जा सकेगा?
पड़ताल के दौरान सबसे गंभीर स्थिति तब सामने आई, जब ट्रेन आने का समय होने के बावजूद एक यात्री बैग लेकर रेलवे ट्रैक पार करता दिखाई दिया। यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्लेटफॉर्म तक पहुंचने और एक प्लेटफॉर्म से दूसरे तक जाने के लिए सुरक्षित रास्ते की जानकारी और व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- भोपाल के बजाय अब जबलपुर में शक्ति प्रदर्शन करेगी एमपी कांग्रेस, 26 नवंबर को शुरू होगा वोट रक्षक अभियान
मैं अपने परिवार के साथ अंबाला जाने के लिए निशातपुरा स्टेशन पहुंचा था। मेरे साथ मेरी 85 वर्षीय मां भी थीं। हम दोपहर करीब 3:30 बजे स्टेशन पहुंच गए थे, लेकिन उस समय लिफ्ट और वेटिंग रूम दोनों बंद मिले। ऐसे में भारी सामान के साथ बुजुर्ग मां को सीढ़ियों से उतारकर प्लेटफॉर्म तक ले जाना पड़ा। यह काफी मुश्किल भरा रहा। - राकेश कुलश्रेष्ठ, यात्री
स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट का रास्ता स्पष्ट नहीं है। यात्रियों को समझ नहीं आता कि कहां से अंदर जाएं और कहां से बाहर निकलें। चाय-पानी और खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर अलग-अलग स्थानों पर स्टॉल होने चाहिए। - शशि कुलश्रेष्ठ, यात्री
निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट, वेटिंग रूम और टिकट काउंटर जैसी सुविधाएं सुबह और शाम को ट्रेन के आगमन से करीब एक घंटे पहले ही खोली जाती हैं। यदि इन सुविधाओं को पूरे समय खुला रखा जाए तो असामाजिक तत्व इनका दुरुपयोग कर सकते हैं और उनमें तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचा सकते हैं। - हरीश शिकारी, चीफ गुड्स सुपरवाइजर, निशातपुरा