स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के चक्कर में 'भूखे' हितग्राही, 9 मार्च तक नहीं बंटा राशन, कई दुकानों में चावल खत्म
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत इस माह नौ तारीख तक हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण नहीं हो पाया है। अब कुछ दुकानों में चावल ही खत्म हो ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 11 Mar 2026 10:22:18 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Mar 2026 10:22:18 PM (IST)
स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के चक्कर में 'भूखे' हितग्राहीHighLights
- स्मार्ट पीडीएस पोर्टल शिफ्टिंग से राशन वितरण में भारी देरी
- अधिकारियों का दावा दो माह का राशन, मिल रहा सिर्फ एक माह का
- दुकानों में चावल खत्म, राशन के लिए भटक रहे हजारों हितग्राही
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत इस माह नौ तारीख तक हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण नहीं हो पाया है। अब कुछ दुकानों में चावल ही खत्म हो गया है, इस कारण हितग्राही बिना राशन लिए लौट रहे हैं। कई जिलों से ऐसी शिकायतें आ रही हैं। उधर, अधिकारियों का कहना है कि हितग्राहियों का डेटा केंद्र सरकार के स्मार्ट पीडीएस पोर्टल में शिफ्ट किया जा रहा था, इस कारण नौ मार्च तक वितरण नहीं किया गया। राशन की कहीं भी कमी नहीं है। हालांकि, सच्चाई यह है कि पिछले माह भी हितग्राहियों को कुछ जगह चावल नहीं मिल पाया।
सर्वर डाउन और स्टॉक की कमी से जूझ रहे हितग्राही
भोपाल में ही फरवरी के अंतिम सप्ताह में दुकानदारों ने कह दिया कि चावल नहीं आ रहा है। यहां बरखेड़ा पठानी स्थित एक दुकान संचालक ने बताया कि फरवरी के अंत में लगभग एक सप्ताह यही स्थिति रही। प्रति हितग्राही हर माह चार किलो गेहूं और एक किलो चावल दिया जा रहा है। अधिकतर हितग्राही माह के पहले सप्ताह में ही राशन उठाते हैं, पर पोर्टल शिफ्टिंग के कारण उन्हें लौटना पड़ा। अब दुकानों में भीड़ उमड़ रही है। एक दुकान संचालक ने बताया कि सर्वर डाउन होने की समस्या अन्य माह की तुलना में फरवरी में अधिक रही।
दो माह के राशन के दावे और जमीनी हकीकत
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने बताया कि पोर्टल की शिफ्टिंग के बाद सभी जगह राशन बंटने लगा है। मार्च-अप्रैल दो माह का राशन एक साथ दिया जाएगा। हालांकि, सच्चाई यह है कि अभी हितग्राहियों को सिर्फ मार्च का राशन मिल पा रहा है। दुकान संचालकों का कहना है कि पीओएस (POS) में ही एक माह का राशन दिख रहा है तो दो माह का देने का प्रश्न ही नहीं है। दुकान संचालकों के अनुसार अप्रैल, मई और जून तीन माह का राशन एक साथ दिए जाने की जानकारी मिली है।
यह भी पढ़ें- रामायण में वर्णित जिस कुंड ने बुझाई थी श्रीराम की प्यास, उसे JCB से कर दिया गया ध्वस्त