MP में PNG नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी, छह महीने में 50 हजार घरों तक पहुंचेगी
भोपाल के अलावा राजगढ़ और शिवपुरी में भी कंपनी का संचालन है। अगले दो से तीन महीने में इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, देवास, गुना, धार, शिवपुरी, सतना और शहडोल में पीएनजी कनेक्शन विस्तार की योजना है।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 01:43:40 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 01:43:40 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयारHighLights
- छह महीने में 50,000 नए कनेक्शन का लक्ष्य
- 2.5 लाख बिल्ड कनेक्शन का कंपनी का दावा
- 19 हजार वर्ग किलोमीटर में संचालन नेटवर्क
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एलपीजी सिलिंडर की उपलब्धता को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच राजधानी में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का नेटवर्क तेजी से विस्तार करने की तैयारी है। अगले छह महीने में भोपाल में 50 हजार नए पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मौजूदा पाइपलाइन नेटवर्क का अधिकतम उपयोग करने के साथ नए इलाकों तक गैस की पहुंच बढ़ाई जाएगी।
कंपनी का दावा है कि शहर में अब तक करीब 2.5 लाख बिल्ड कनेक्शन तैयार किए जा चुके हैं और गैस वितरण के लिए 10,300 इंच-किमी पाइपलाइन बिछाई गई है। हालांकि, असली चुनौती केवल कनेक्शन तैयार करना नहीं, बल्कि घरों में गैस आपूर्ति शुरू कराना भी है।
नौ शहरों में भी बढ़ेगा पीएनजी का दायरा
पीएनजी कंपनी थिंक गैस भोपाल के अलावा राजगढ़ और शिवपुरी जिलों में भी काम कर रही है। कंपनी के अनुसार इन क्षेत्रों में करीब 19 हजार वर्ग किलोमीटर में उसका संचालन नेटवर्क है। इसके अलावा आगामी दो से तीन महीने में भोपाल के साथ इंदौर,उज्जैन,ग्वालियर, देवास, गुना, धार, शिवपुरी, सतना और शहडोल में भी कनेक्शन विस्तार की योजना है।
इसके लिए पहले से बिछी पाइपलाइन से उन घरों को जोड़ने पर जोर रहेगा, जहां कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन उपभोक्ता अभी तक पीएनजी का उपयोग नहीं कर रहे हैं।बता दें कि पीएनजी के लिए थिंक गैस के अलावा भी अन्य कंपनियां काम कर रही हैं।
अभियान चलाया, फिर भी सक्रिय कनेक्शन चुनौती
इस साल फरवरी में कंपनी ने भोपाल में पीएनजी ड्राइव-2.0 अभियान शुरू किया था। इसके तहत तीन हजार से अधिक घरेलू कनेक्शन जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को पीएनजी के फायदे और कनेक्शन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके बावजूद निष्क्रिय कनेक्शन बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
फैक्ट फाइल
-2.5 लाख बिल्ड कनेक्शन का कंपनी का दावा।
- 10,300 इंच-किमी पाइपलाइन नेटवर्क।
- छह महीने में 50 हजार नए कनेक्शन का लक्ष्य।
- भोपाल, राजगढ़ और शिवपुरी में संचालन।