भोपाल में कोविड योद्धाओं का प्रदर्शन, अब जिलों में घेरेंगे CMHO दफ्तर
प्रदेशभर से आए आयुष चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने नौकरी पर बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अब जिलों में प्रदर्शन की तैयारी है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 11:04:06 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 11:04:06 AM (IST)
नीलम पार्क में प्रदर्शन कर रहे कोविड योद्धा । फाइल फोटो।HighLights
- प्रदेशभर से आए कोरोना योद्धाओं का भोपाल में प्रदर्शन
- जिलों में सीएमएचओ कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन होगा
- 5 अक्टूबर से आंदोलन जारी,अनिश्चितकालीन धरने का एलान
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले कोविड योद्धाओं ने नौकरी पर दोबारा रखने की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। बुधवार को प्रदेशभर से आए आयुष चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने नीलम पार्क में प्रदर्शन किया। उन्होंने अब जिला स्तर पर भी आंदोलन करने की घोषणा की है।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वे पांच अक्टूबर से आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल और अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कोविड काल में सेवाएं देने वाले अस्थायी कर्मचारियों की बहाली और रोजगार सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाने की मांग रखी।
कई जिलों से नहीं भेजी जानकारी
संघ का कहना है कि सरकार ने इस पर विचार कर प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही है। संघ के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने 11 नवंबर को सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ) को पत्र जारी कर तीन दिन में कोविड कर्मचारियों की जानकारी मांगी थी। कई जिलों से अब तक जानकारी नहीं भेजी गई है। ऐसे में अब कर्मचारी जिला स्तर पर सीएमएचओ कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर लंबित जानकारी भोपाल भेजने की मांग करेंगे।
बच्चों के साथ धरने में पहुंच रहीं महिलाएं
प्रदेश संयोजक डॉ. अंकित असाटी ने बताया कि आंदोलन में महिलाएं भी छोटे बच्चों के साथ शामिल हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने धरनास्थल पर ही सामूहिक भोजन तैयार कर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान कोविड योद्धाओं ने 31 यूनिट रक्तदान भी किया।
कोरोना काल में करीब दो साल सेवाएं देने के बाद हजारों कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया गया था। अब उनके सामने रोजगार और परिवार के भरण-पोषण का संकट है। कर्मचारियों ने कहा कि बहाली पर लिखित आश्वासन और ठोस नीति बनने तक नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।