
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल से पूर्वोत्तर भारत की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रानी कमलापति-अगरतला स्पेशल एक्सप्रेस 23 जुलाई से अत्याधुनिक एलएचबी (लिंक हाफमैन बुश) कोचों के साथ दौड़ेगी। एलएचबी कोच लगने से यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा का अनुभव मिलेगा।
वहीं, रेलवे अधिकारियों के अनुसार जुलाई के अंत तक इस ट्रेन को स्पेशल के बजाय नियमित श्रेणी में शामिल किए जाने की तैयारी भी है। ऐसा होने पर यात्रियों को किराए में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 01665 रानी कमलापति-अगरतला स्पेशल में 23 जुलाई से और वापसी की गाड़ी संख्या 01666 में 26 जुलाई से एलएचबी रेक लगाया जाएगा। नई रेक में चार जनरल, पांच एसी थर्ड टियर, एक एसी थर्ड इकोनॉमी, दो एसी सेकेंड टियर, आठ स्लीपर, एक गार्ड सह लगेज ब्रेक वैन और एक जनरेटर कार सहित कुल 22 कोच होंगे।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक से बने होते हैं। इनमें झटके कम लगते हैं, ब्रेकिंग सिस्टम अधिक प्रभावी होता है और दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा भी बेहतर रहती है। इसके अलावा इन कोचों में सफर अधिक आरामदायक माना जाता है।
एक और राहत यह है कि अभी यह ट्रेन स्पेशल श्रेणी में संचालित हो रही है, जिसके कारण नियमित मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में अधिक किराया देना पड़ता है। यदि ट्रेन को नियमित श्रेणी में शामिल किया जाता है तो सामान्य किराया लागू होगा।
यह भी पढ़ें- कैलाश विजयवर्गीय की ‘उपेक्षा’ वाले पत्र पर सीएम मोहन यादव का एक्शन, 3 जुलाई को इंदौर में बड़ा कार्यक्रम
इससे रानी कमलापति से अगरतला तक यात्रा करने वाले यात्रियों, विशेषकर एसी श्रेणी के यात्रियों, को प्रति टिकट सैकड़ों रुपये तक की बचत हो सकती है। अंतिम बचत रेलवे द्वारा नियमित ट्रेन का किराया जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।