
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए भोपाल कलेक्टर के निर्देश पर सोमवार 10 अगस्त 2026 को जिले के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए रहेगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय भोपाल जिले में अत्यधिक बारिश की स्थिति को देखते हुए लिया गया है। अवकाश का आदेश सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। इसमें मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बीएस ), सीबीएसई, आइसीएसई तथा अन्य बोर्ड से संबद्ध स्कूल भी शामिल हैं।
हालांकि विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे, लेकिन शिक्षकों और विद्यालयीन कर्मचारियों को अवकाश नहीं दिया गया है। आदेश के मुताबिक सभी शिक्षक एवं कर्मचारी विद्यालयीन समय में अपने कार्यालय में उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य द्वारा 10 अगस्त को जारी आदेश में कहा गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

उन्होंने बताया कि बारिश और जलभराव को देखते हुए फैसला लगातार बारिश के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। खासकर निचले इलाकों में जलभराव और बारिश के दौरान आवागमन में आने वाली परेशानी को देखते हुए स्कूलों में विद्यार्थियों की आवाजाही रोकने का फैसला किया गया है। स्कूल प्रबंधन को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- मानसून में जीवनरक्षक है हेलमेट, इसकी देखभाल करना भी जरूरी…एक्सपर्ट्स से जानें खास मेंटेनेंस टिप्स