

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में तैयारियां तेज हैं। इसे देखते हुए भोपाल और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें लगातार चेकिंग और गश्त कर रही हैं। आरपीएफ के दो डॉग भी जांच में लगाए गए हैं। प्लेटफार्म, गेट, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों में जवान तैनात हैं।
संदिग्ध सामान और लावारिस वस्तुओं की जांच की जा रही है। यात्रियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। 15 अगस्त तक विशेष अभियान जारी रहेगा।
भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन पर जीआरपी की करीब 26 सदस्यीय टीम रोजाना चेकिंग अभियान चला रही है। टीम स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, संदिग्ध सामान और लावारिस वस्तुओं पर नजर रख रही है। अधिकारियों के निर्देश पर सामान्य चेकिंग के साथ जरूरत के अनुसार अचानक जांच भी की जा रही है।
रानी कमलापति स्टेशन की पार्किंग में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। शनिवार को यहां अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जा रही है। कुछ दिन पहले पार्किंग क्षेत्र में कुछ लोगों के ड्रिंक पार्टी करने का मामला सामने आने के बाद जीआरपी ने यहां गश्त और निगरानी बढ़ाई है। अब पार्किंग में संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Flag Hoisting vs Flag Unfurling: कैसे तय हुआ कौन फहराएगा झंडा, 15 अगस्त- 26 जनवरी में क्या है अंतर…जानिए पूरी डिटेल
स्वतंत्रता दिवस तक दोनों स्टेशनों पर चेकिंग और गश्त का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यात्रियों से अपील है कि वे स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध वस्तु या लावारिस सामान दिखाई दे तो उसे खुद न छुएं और तुरंत रेलवे पुलिस या सुरक्षा जवानों को सूचना दें। - अमित शर्मा, टीआई, आरकेएमपी।