
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। फार्मासिस्ट ग्रेड-2 भर्ती परीक्षा 2023 में चयनित अभ्यर्थियों ने लंबित नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से शांतिपूर्ण तरीके से हड़ताल करने के बावजूद शासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। ऐसे में अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
चयनित अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग भर्ती परीक्षा 2023 में चयनित सभी फार्मासिस्ट ग्रेड-2 अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति देने की है। उनका कहना है कि जबलपुर और इंदौर हाई कोर्ट द्वारा दिए गए आदेशों का भी पालन किया जाना चाहिए। अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर नियुक्ति प्रक्रिया में मनमानी करने का आरोप लगाया है।
अभ्यर्थियों के अनुसार नियुक्ति के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी नियुक्ति नहीं मिलने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ रही है। अब उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें- सेमरिया विधायक अभय मिश्रा को पुलिस उठाकर ले गई थाने, फिर PSO के साथ भेजा घर, मंत्रालय के सामने दे रहे थे धरना
चयनित अभ्यर्थी विमलेश कुमार ने कहा कि भर्ती परीक्षा 2023 में चयनित होने के बाद भी अभ्यर्थी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों और शासन को कई बार अपनी मांग से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी पिछले एक सप्ताह से शांतिपूर्ण हड़ताल कर रहे हैं। यदि जल्द नियुक्ति को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।