नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रक्षाबंधन पर राखी भेजने वालों के लिए डाक विभाग ने बुकिंग की प्रक्रिया आसान कर दी है। अब राखी या अन्य डाक सामग्री भेजने के लिए लोगों को डाकघर जाकर कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं है।
ग्राहक घर बैठे इंडिया पोस्ट की क्लिक एंड बुक सेवा के जरिए स्पीड पोस्ट या पार्सल बुक कर सकते हैं। इसके बाद डाक विभाग का पोस्टमैन तय समय पर घर पहुंचकर पार्सल ले जाएगा।
वहीं, भोपाल डाक संभाग की विशेष सुविधा के तहत ग्राहक अपने क्षेत्र के पोस्टमैन को राखी या पत्र देकर भी उसकी बुकिंग करा सकते हैं।
पांच किलो तक भेज सकेंगे सामान
क्लिक अंड बुक के जरिए एक बार में अधिकतम पांच आर्टिकल बुक किए जा सकते हैं। सभी आर्टिकल का कुल वजन पांच किलो से अधिक नहीं होना चाहिए।
पोस्टेज 500 रुपये से कम होने पर 50 रुपये पिकअप शुल्क लगेगा, जबकि 500 रुपये या उससे अधिक के पोस्टेज पर पिकअप निशुल्क रहेगा।
प्रतिबंधित वस्तुओं को इस सुविधा से नहीं भेजा जा सकेगा। मध्य प्रदेश में अब तक 123 से अधिक पिकअप रिक्वेस्ट मिल चुकी हैं।
ऐसे होगी ऑनलाइन बुकिंग
ग्राहक इंडिया पोस्ट के पोर्टल पर जाकर अकाउंट बना सकते हैं या गेस्ट लागिन से भी बुकिंग कर सकते हैं। इसके बाद क्लिक एंड बुक में जाकर स्पीड पोस्ट या पार्सल विकल्प चुनना होगा।
भेजने वाले और पाने वाले का पता, मोबाइल नंबर और वजन की जानकारी भरकर आनलाइन भुगतान करना होगा। बुकिंग के बाद ट्रांजैक्शन आईडी मिलेगी।
निर्धारित समय पर पोस्टमैन घर से सामान लेकर जाएगा। पिकअप के लिए सुबह 10 से दोपहर एक बजे और दोपहर एक से शाम चार बजे तक के स्लाट मिल सकते हैं।
पोस्टमैन से भी करा सकेंगे राखी की बुकिंग
रक्षाबंधन को देखते हुए भोपाल डाक संभाग ने नागरिकों के लिए एक और आसान विकल्प दिया है। लोग अपने क्षेत्र के पोस्टमैन को राखी, पत्र या अन्य डाक सामग्री देकर उसकी बुकिंग करा सकते हैं। पोस्टमैन उपलब्ध सेवा के अनुसार इसकी बुकिंग करेगा और ग्राहक को रसीद भी देगा। इससे लोगों को डाकघर जाने और काउंटर पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं होगी। - जेएस राजपूत, प्रवर अधीक्षक डाकघर, भोपाल