
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव और शहरों के वार्डों तक बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों और कानूनी प्रविधानों की जानकारी पहुंचाई जा रही है।
21 अक्टूबर से चलाया जा रहा बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान 21 दिसंबर तक चलेगा। वहीं, बाल विवाह रोकने के लिए 27 नवंबर को विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने बताया कि विशेष ग्राम सभाओं में ग्रामीण जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ दिलाई जाएगी।
गांवों में बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रविधानों और बच्चों के अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। शहरों में भी वार्ड स्तरीय बैठकों और सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा।
अभियान के दौरान स्कूलों और महाविद्यालयों में रैलियां, चित्रकला, पेंटिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं होंगी। गांवों और शहरों में नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, जागरूकता रथ, दीवार लेखन और प्रदर्शनियों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- विदिशा में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म पर बवाल, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर, आरा मशीन सील कर भेजा जेल
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष गतिविधियां होंगी। धार्मिक गुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों और युवा संगठनों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
वहीं, विवाह के शुभ मुहूर्तों और सामूहिक विवाह आयोजनों के दौरान बाल विवाह की आशंका को देखते हुए जिलों में निगरानी बढ़ाई जाएगी। बाल विवाह की सूचना मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस, बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मिलकर तत्काल कार्रवाई करेंगे।