
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में रफ्तार का कहर और बेलगाम भारी वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी के पॉश इलाके व्यापम चौराहे पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तेज रफ्तार ट्राले ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवक बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं। घटना के बाद ट्राला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हबीबगंज पुलिस ने पीड़ित कार चालक की शिकायत पर ट्राले के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्राले को जब्त कर आरोपित चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारण ट्राला सड़क पर फंस गया, जिससे एक तरफ का यातायात करीब 10 घंटे तक बाधित रहा। दुर्घटना में ट्रैफिक सिग्नल और अन्य शासकीय संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है।
देर रात घूमने निकले थे दोनों दोस्त
पुलिस के अनुसार, पिपलानी निवासी 22 वर्षीय लक्ष्मण गौर अपने दोस्त अनिमेष यादव के साथ देर रात घूमने निकला था। न्यू मार्केट से लौटते समय दोनों नर्मदापुरम रोड स्थित एक रेस्टोरेंट की ओर जा रहे थे। व्यापम चौराहे से 6 नंबर स्टॉप की ओर मुड़ते समय पीछे से आए तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी कार को टक्कर मार दी। कार पलट गई, लेकिन दोनों युवकों की जान बच गई।
चार महीनों में 83 लोगों की गई जान
भोपाल नगरीय पुलिस के अनुसार, जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच शहर में 998 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें 83 लोगों की मौत हुई और 801 लोग घायल हुए। वर्ष 2025 की समान अवधि में 1022 सड़क हादसे और 830 घायल दर्ज किए गए थे। हादसों की संख्या में कुछ कमी आई है, लेकिन मौतों का आंकड़ा अब भी चिंता का विषय बना हुआ है।
विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
सेवानिवृत्त डीएसपी राघवेंद्र सिंह ने कहा कि अधिकांश सड़क हादसे तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण होते हैं। उन्होंने सलाह दी कि रात के समय भारी वाहनों के पास छोटे वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए। भारी वाहनों को पर्याप्त दूरी बनाकर चलना चाहिए और छोटे वाहनों को सुरक्षित अवसर मिलने पर ही ओवरटेक करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- भोपाल में सरकारी जमीनों पर सैटेलाइट की नजर, नए अतिक्रमण पर होगी तत्काल कार्रवाई