भोपाल में ट्रैफिक ACP के घर चोरी मामले में बड़ा खुलासा; राजस्थान से मिला 30 तोला सोना,₹71 लाख का माल जब्त
एसीपी विजय कुमार दुबे के घर चोरी के मामले में राजस्थान के भीलवाड़ा और उज्जैन से करीब 46 लाख रुपये के जेवर बरामद हुए हैं। नकदी, कार और महंगे मोबाइल समे...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 11:25:41 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 11:25:41 PM (IST)
पुलिस ने चोरों की निशानदेही पर जेवरात, नकदी और अन्य सामान बरामद किया। साै-पुलिसHighLights
- एसीपी विजय कुमार दुबे के घर चोरी का मामला
- राजस्थान और उज्जैन से करीब 46 लाख रुपये के जेवर बरामद
- कार और महंगे मोबाइल समेत करीब 71 लाख रुपये का माल जब्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एसीपी विजय कुमार दुबे के सूने घर से करीब 50 लाख रुपए का माल चोरी करने वाले आरोपित गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस को गुमराह करते रहे।
पूछताछ में उन्होंने चोरी के जेवर इंदौर सराफा बाजार में बेचने की बात कही, लेकिन पुलिस की तस्दीक में कहानी झूठी निकली। इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर माल छिपाने की जानकारी देकर पुलिस को भटकाते रहे।
सख्ती से पूछताछ में हुआ खुलासा
दोबारा सख्ती से पूछताछ करने पर चोरी के जेवर राजस्थान के भीलवाड़ा और उज्जैन में छिपाने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपित देवेंद्र गुर्जर उर्फ देवा की निशानदेही पर राजस्थान के नेगडिया का खेड़ा गांव से करीब 20 तोला सोना और 150 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए।
वहीं, आरोपित रोहित पाल ने इंदौर सराफा में माल बेचने की बात दोहराई, लेकिन जांच में यह भी गलत निकली। बाद में उसने मक्सी रोड, उज्जैन बस स्टैंड के पीछे जेवर छिपाना बताया। वहां से करीब 10 तोला सोना और 150 ग्राम चांदी के जेवर मिले।
लाखों के जेवर और नकदी बरामद
नई बरामदगी में करीब 30 तोला सोना और 300 ग्राम चांदी के जेवर शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 46 लाख रुपये है। चारों आरोपितों से पहले करीब 25 लाख रुपये का माल बरामद हो चुका था।
अब तक करीब 400 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी, 1.76 लाख रुपये नकद, कार, आईफोन और महंगे मोबाइल समेत करीब 71 लाख रुपये का माल जब्त किया जा चुका है। पुलिस अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।