भोपाल में छात्रों से भरी कॉलेज बस से टकराई SI की कार, पुलिसकर्मी की हालत नाजुक
बुधवार शाम करीब 5:30 बजे नेहरू नगर से चूनाभट्टी जा रहे सब इंस्पेक्टर अफसार खान की कार पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान के पास कॉलेज बस से टकरा गई।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 10:28:49 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 10:42:19 AM (IST)
हादसे में जहांगीराबाद थाने में पदस्थ एसआई अफसार खान गंभीर रूप से घायल हो गए। फोटो-पुलिसHighLights
- पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद महाविद्यालय के पास हादसा
- एसआई अफसार खान की कार और बस की हुई टक्कर
- जहांगीराबाद थाने में पदस्थ एसआई गंभीर रूप से घायल
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान के पास बुधवार शाम एक सड़क हादसे में जहांगीराबाद थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर अफसार खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी कार की सामने से आ रही संस्थान की कालेज बस से टक्कर हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल सब इंस्पेक्टर को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
आमने-सामने भिड़ंत
पुलिस के अनुसार आकृति ईको सिटी निवासी अफसार खान बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अपनी कार से नेहरू नगर की तरफ से चूनाभट्टी जा रहे थे। संस्थान के पास मैदान से सटे मोड़ पर पहुंचते ही उनकी कार सामने से आ रही कॉलेज बस से भिड़ गई।
बस संस्थान के छात्रों को हॉस्टल छोड़ने के लिए नेहरू नगर की ओर जा रही थी। दोनों वाहनों की आमने-सामने हुई टक्कर में कार चला रहे अफसार खान को गंभीर चोटें आईं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
बस के ब्रेक हुए फेल
घटना के बाद कॉलेज बस को मौके पर ही खड़ा कर दिया गया। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद बस के ब्रेक फेल हो गए थे। हादसे की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।