'सॉरी मम्मी-पापा, नीट निकालना आसान है लेकिन MBBS...’ लिखकर GMC भोपाल की छात्रा ने किया सुसाइड, निजी हॉस्टल के बाथरूम में मिला था शव
भोपाल के गांधी मेडिकल कालेज (GMC) में एमबीबीएस की छात्रा रोशनी कलेश की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस को छात्रा के मोबाइल से सुसाइड नोट मिला ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 17 Feb 2026 02:00:31 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Feb 2026 02:31:12 AM (IST)
जीएमसी भोपाल की छात्रा रोशनी कलेश का सुसाइड नोट मिला। प्रतीकात्मक फोटोHighLights
- मोबाइल में मिला सुसाइड नोट
- पढ़ाई के दबाव का किया जिक्र
- निजी हॉस्टल में मिला था छात्रा का शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गांधी मेडिकल कालेज (GMC) भोपाल में एमबीबीएस छात्रा रोशनी कलेश की मौत के मामले में पुलिस को उसके मोबाइल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में लिखा है, “सारी मम्मी-पापा, नीट निकालना तो आसान है, लेकिन एमबीबीएस की पढ़ाई करना उससे भी कठिन है।” यह संदेश मेडिकल शिक्षा के दबाव की ओर इशारा करता है।
पढ़ाई के तनाव से जूझ रही थी छात्रा
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा लंबे समय से पढ़ाई के दबाव से परेशान थी। मोबाइल में मिले संदेशों से संकेत मिलता है कि वह पाठ्यक्रम के अनुरूप खुद को ढाल नहीं पा रही थी। उसने मेहनत के बावजूद विषयों को समझने में कठिनाई होने की बात भी लिखी है।
निजी हॉस्टल के बाथरूम में मिला शव
रोशनी कलेश आलीराजपुर जिले की रहने वाली थी। उसका शव निजी हॉस्टल के बाथरूम में मिला था। घटना के बाद उसे तत्काल हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मामले में छात्रा के स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।