भोपाल में समर शेड्यूल लागू, दिल्ली-मुंबई तक ही सीमित रहीं एयरलाइंस, कोलकाता-जयपुर के लिए नहीं मिली कोई नई उड़ान
रविवार से लागू हो रहे नए समर शेड्यूल में भोपाल से किसी भी नए शहर को कनेक्शन नहीं जुड़ेगा। पुणे तक दूसरी डे उड़ान शुरू होने की उम्मीद भी खत्म हो गई है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 29 Mar 2026 01:37:03 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Mar 2026 01:37:03 PM (IST)
भोपाल में समर शेड्यूल लागूHighLights
- रविवार से लागू हो रहे नए समर शेड्यूल में भोपाल से नए शहर को कनेक्शन नहीं जुड़ेगा
- भोपाल एयरपोर्ट से लखनऊ, कोलकाता-जयपुर के लिए नहीं मिली कोई नई उड़ान
- पुणे के लिए छात्र और आईटी प्रोफेशनल्स को फिर करना होगा लंबा इंतजार
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रविवार से लागू हो रहे नए समर शेड्यूल में भोपाल से किसी भी नए शहर को कनेक्शन नहीं जुड़ेगा। पुणे तक दूसरी डे उड़ान शुरू होने की उम्मीद भी खत्म हो गई है। लखनऊ, कोलकाता एवं जयपुर जैसे शहरों तक इस बार भी उड़ान प्रारंभ नहीं हो सकी है। अब इन शहरों के लिए नागरिकों को लंबा इंतजार करना होगा। एयरलाइंस कंपनियों का फोकस लंबे समय से दिल्ली एवं मुंबई तक है।
29 मार्च से लागू हो रहे समर शेड्यूल में भी दिल्ली, मुंबई तक सर्वाधिक उड़ाने हैं। भोपल से पुणे तक एक ही उड़ान है। इसका संचालन देर रात्रि को होता है। पुणे तक बड़ी संख्या में स्टूडेंट एवं आईटी प्रोफेशनल्स की आवाजाही होती है। यात्री लंबे समय से दिन के समय सीधी उड़ान शुरू करने की मांग करते आ रहे हैं। अब यात्रियों को अगले सीजन तक इंतजार करना होगा।
जयपुर उड़ान प्रारंभ नहीं हो सकी
पिछले समर शेड्यूल में जयपुर उड़ान शामिल थी। विंटर सीजन आते ही इंडिगो ने इसे बंद कर दिया। रविवार से लागू हो रहे शेड्यूल में जयपुर उड़ान नहीं है। लखनऊ तक सीधी उड़ान दो बार शुरू होकर बंद हो चुकी है।
यह भी पढ़ें- रायपुर से जयपुर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू, अंबिकापुर से दिल्ली के लिए जल्द शुरू होगी उड़ान
कोलकात्ता तक उड़ान की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन इस सीजन में किसी भी कंपनी ने इसके लिए स्लॉट नहीं लिया है। कोलकात्ता तक ट्रेन का सफर बहुत लंबा है। कारोबार की दृष्टि से बड़ी संख्या में व्यापारी कोलकात्ता जाते हैं। बंगाली समाज के लोगों का भी कोलकात्ता आना-जाना लगा रहता है।