
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच एक अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत ने अपना घोषणा पत्र जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि यदि आंदोलन के दौरान उन्हें किसी तरह की क्षति होती है तो इसकी जिम्मेदारी मध्य प्रदेश के शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त अभिषेक सिंह की होगी।
घोषणा पत्र में शिक्षक भर्ती में पद वृद्धि की मांग की गई है। अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत ने कहा कि वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में अधिक पद शामिल किए जाने की मांग को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में अवसर का इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- सरकार से हारे तो भगवान के द्वार पहुंचे शिक्षक... TET से मुक्ति के लिए मंदिर में लगाई अर्जी, किया हनुमान चालीसा का पाठ
रिक्त पदों के मुकाबले भर्ती में कम पद शामिल किए जाने से बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर नहीं मिल पा रहा है। नरेंद्र राजपूत ने घोषणा पत्र के माध्यम से शासन से पदों में वृद्धि करने और अभ्यर्थियों की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने आंदोलन के दौरान अपनी सुरक्षा को लेकर भी जिम्मेदारी तय किए जाने की बात कही है।