
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र में वर्ष 2019 में हुए चर्चित पुलिस एनकाउंटर की जांच अब सीबीआइ करेगी। इस मुठभेड़ में जबलपुर के विजय यादव और समीर खान मारे गए थे। दोनों वर्ष 2017 में जबलपुर में कांग्रेस नेता राजू मिश्रा और कक्कू पंजाबी की हत्या के मामले में वांछित थे।
इनके स्वजन ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे फर्जी एनकाउंटर बताया था। राज्य सरकार ने वर्ष 2021 में मामले की सीबीआइ जांच की अनुशंसा की थी। गृह विभाग ने चार नवंबर को राजपत्र में अधिसूचना जारी कर सीबीआइ जांच के लिए सहमति दे दी है।
स्वजन ने तत्कालीन पुलिस अधिकारियों पर साजिश रचने के आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और सीबीआइ तक शिकायत की थी। मामले की मजिस्ट्रियल जांच भी कराई गई थी, जिसमें पुलिस की कहानी को सही बताया गया था।
यह भी पढ़ें- सागर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति ने बताया बीमारी, मायके पक्ष ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप