भोपाल में 15 जनवरी को आर्मी डे परेड; 45 हजार दर्शकों के बीच दिखेगा एयर शो और सेना का पराक्रम
भोपाल में सेना दिवस परेड आयोजित होगी, जिसमें करीब 45 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ टीटी नगर स्टेडियम में शौर्य संस्कृति कार्यक्रम और बड़े तालाब के ऊपर एयर शो भी होगा।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 02:27:34 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 02:27:34 PM (IST)
भेल के जंबूरी मैदान रोड पर सेना दिवस पर होने वाली परेड के लिए यहां बनी सभी रोटरियां हटाई जा रही हैं। नईदुनियाHighLights
- भोपाल में सेना दिवस परेड आयोजित होगी
- करीब 45 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था
- 1 दिसंबर से रिहर्सल, वैकल्पिक मार्ग तैयार होंगे
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। भोपाल में 15 जनवरी को आर्मी डे परेड होगी। इसमें 45 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा टीटी नगर स्टेडियम में शौर्य संस्कृति कार्यक्रम और बड़े तालाब के ऊपर एयर शो आयोजित होगा।
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने बुधवार को मंत्रालय में तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
कालीबाड़ी मार्ग पर तैयारी
मुख्य सचिव ने भेल स्थित कालीबाड़ी मार्ग के सुधार, विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग का काम एक दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस आयुक्त और यातायात पुलिस को तीनों आयोजनों के लिए प्रवेश, निकास, पार्किंग और सुरक्षा की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। एयर शो को वृहद स्वरूप देने के लिए सेना से समन्वय बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
सांस्कृतिक धरोहरों की झलक
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सिंहस्थ के साथ सांची, खजुराहो, भीमबेटका और ओरछा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग की जाएगी। बैठक में भोपाल कलेक्टर ने अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण दिया।
रिहर्सल के दौरान वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था
मुख्य आयोजन की रिहर्सल एक दिसंबर से शुरू होगी। इसके चलते नागरिकों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए मुख्य सचिव ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने इन मार्गों का सुधार कराने और जरूरी संकेतक लगाने के लिए भी कहा ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।