
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में हर साल प्रॉपर्टी महंगी होती जा रही है, इस बार भी प्रॉपर्टी के दामों में हुई बढ़ोतरी से एक अप्रैल से लोगों का घर का सपना महंगा हो जाएगा। केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड ने 55 जिलों में एक लाख पांच हजार स्थानों में से 65 हजार स्थानों पर प्रॉपर्टी की दरों में बढ़ोतरी करने के साथ ही निर्माण की दरें भी बढ़ाई है। इससे एक तरफ जहां प्रॉपर्टी के दाम आसमान छू रहे हैं और लोगों के बजट से खरीदारी करना बाहर होता जा रहा है तो वहीं अब घर बनाना भी उनके बजट से बाहर हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार राजधानी सहित सभी जिलों ने प्रॉपर्टी की दरों में वृद्धि के प्रस्ताव दिए थे, जिनका केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड ने हरी झंडी दे दी थी। इनमें 65 हजार स्थानों पर औसत बढ़ोतरी 16 प्रतिशत की गई है जो कि एक अप्रैल से लागू हो जाएगी। जिससे प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवाना महंगा हो जाएगा। जबकि निर्माण दरों में सात से 16 प्रतिशत तक बढ़ोतरी भी आम आदमी का बजट बिगाड़ देगी।
शासन ने निर्माण दरों में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की है, जिससे घर बनाना महंगा हो गया है। सरकार ने नगर निगम क्षेत्र में 13 हजार रुपये से बढ़ाकर 14 हजार रुपये यानि सात प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में छह हजार से बढ़ाकर सात हजार रुपये यानि 16 प्रतिशत निर्माण दर कर दी हैं। इससे मकान बनाने की लागत तो बढ़ेगी साथ ही प्रॉपर्टी की वैल्यू बढ़ने से रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी भी अधिक देनी होगी।
औसत दरों में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी मध्यप्रदेश में हर साल प्रॉपर्टी की औसत दरों में बढ़ोतरी की जा रही है। पिछले साल औसत दर 13 प्रतिशत थी जो अब 16 प्रतिशत हो गई है, यानि इस बार तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। जबकि राजधानी में 12 प्रतिशत की औसत वृद्धि की गई है, लेकिन यहां पर 740 स्थानों पर एक से लेकर 181 प्रतिशत तक की प्रॉपर्टी की दरों में बढ़ोतरी की गई है। हालांकि प्रदेश के 38 हजार 396 स्थानों पर प्रॉपर्टी की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
निर्माण दरों से बढ़ेगा आमजन पर बोझ निर्माण लागत की दरों में एक अप्रैल से करीब 93 हजार रुपये की बढ़ोतरी हो जाएगी। इसको इस तरह से समझा जा सकता है, मान लीजिए कि 92.93 वर्ग मीटर का एक मंजिला मकान है, जिसकी वर्तमान में निर्माण लागत 13 हजार के हिसाब से करीब 12 लाख रुपये है लेकिन एक हजार रुपये की बढ़ोतरी के बाद यह 13 लाख रुपये हो जाएगी। ऐसे में करीब 93 हजार रुपये का सीधा बोझ मकान मालिक की जेब पर पड़ेगा।
मध्य प्रदेश में हर साल प्रॉपर्टी के दामों में बढ़ोतरी की जा रही है लेकिन मास्टर प्लान और भूमि उपयोग में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे आमजन के बजट से प्रॉपर्टी खरीदना बाहर होता जा रहा है तो वहीं निर्माण दरों में बढ़ोतरी से अब एक मकान बनाना भी महंगा हो जाएगा। इस तरह लोगों पर दोहरी मार पड़ेगी, जिस पर शासन स्तर पर विचार किया जाना चाहिए।- मनोज मीक, अध्यक्ष, क्रेडाई