Today in Bhopal: जनजातीय संग्रहालय में देखें चित्र प्रदर्शनी, भारत भवन में शास्त्रीय नृत्य, संगीत की सजेगी सभा
भोपाल शहर में गुरुवार 14 नवंबर को ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां पर मानव संग्रहालय, राज्य संग्रहालय, जनजातीय संग्रहालय, बोट क्लब, सैर-सपाटा और वन विहार जैसी अनेक दर्शनीय जगह हैं, जहां भ्रमण करना आपके लिए खुशगवार अनुभव हो सकता है।
Publish Date: Thu, 14 Nov 2024 08:14:30 AM (IST)
Updated Date: Thu, 14 Nov 2024 08:14:30 AM (IST)
भोपाल की बड़ी झील (प्रतीकात्मक चित्र)HighLights
- आंचलिक विज्ञान केंद्र में बच्चों के लिए खिलौना निर्माण कार्यशाला का आयोजन होगा।
- जनजातीय संग्रहालय में भील चित्रकार अंजली बारिया के चित्रों की प्रदर्शनी सजी है।
- मायाराम सुरजन भवन में हम थियेटर ग्रुप द्वारा अभिनय कार्यशाला का आयोजन।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला निरंतर चलता रहता है। गुरुवार 14 नवंबर को भी शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
खिलौना निर्माण कार्यशाला - आंचलिक विज्ञान केंद्र में चिल्ड्रेन डे के उपलक्ष्य में चित्रकला प्रतियोगिता और खिलौना निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। समय सुबह साढ़े दस बजे से है।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में 'माह का प्रादर्श' श्रंखला के तहत इस माह 'संब्रानी : एक पारंपरिक धूपदान' का प्रदर्शन किया जा रहा है। वीथि संकुल में इसे सुबह 11 से शाम छह बजे तक देखा जा सकता है।
चित्र प्रदर्शनी - मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील चित्रकार अंजली बारिया के चित्रों की प्रदर्शनी का संयोजन किया गया है। इस 55वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी को दोपहर 12 से रात 08 बजे तक देख सकते हैं।
अभिनय कार्यशाला - हम थियेटर ग्रुप द्वारा प्रस्तुतिपरक अभिनय कार्यशाला का आयोजन मायाराम सुरजन भवन में किया जा रहा है। 45 दिवसीय कार्यशाला में फिजिकल एक्सरसाइज, बॉडी मूवमेंट,वॉइस मॉड्यूलेशन, इंप्रोवाइजेशन, स्पीच, मेकअप और डायरेक्शन आदि का प्रशिक्षण देकर नाटक तैयार किया जा रहा है। अभिनय कार्यशाला का समय शाम छह बजे से है।
स्मृति समारोह - पंडित नंदकिशोर शर्मा की स्मृति में भारत भवन में आयोजित समारोह में आज दूसरे और अंतिम दिन कविता शाजी एवं साथी द्वारा मोहिनीअट्टम समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद दिल्ली के डॉ. अविनाश कुमार का गायन होगा एवं पुणे के शाहिद परवेज खान सितार वादन की प्रस्तुति देंगे। समय शाम सात बजे से है।