
नवदुनिया प्रतिनिधि, संत हिरदाराम नगर। संत हिरदाराम नगर के प्रमुख मार्गों से रोड क्रॉस करना परेशानी भरा हो गया है। पुराने सिग्नल खराब हैं। नए सिग्नल नहीं लग सके हैं। अतिक्रमण भी रोड क्रॉस करने में बाधा बना है। वाहन चालकों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीआरटीएस कॉरिडोर हटाने के साथ ही प्रशासन ने कॉरिडोर के बीच एवं आसपास लगे सिग्नल भी हटा दिए गए।
अब मेन रोड पर कोई सिग्नल नहीं है। चंचल रोड पर सिग्नल लगे हैं पर यह लंबे समय से खराब हैं। चंचल रोड से मेन रोड की तरफ आने वाला मार्ग पर इस कारण अव्यवस्था फैल रही है। कोई कहीं से भी रोड तरफ पहुंच रहा है। बंद सिग्नल व्यवस्था को बिगाड़ रहे हैं। यातायात सुधार की दृष्टि से जिला प्रशासन ने पिछले साल संयुक्त प्लान जारी किया था। इसके तहत नगर निगम ने मेन रोड को ठेला मुक्त कर दिया। अब फिर से अतिक्रमण हो गया है।
ट्रैफिक पुलिस भी केवल दुपहिया वाहन जब्त करने में लगी है। लोग एक मिनट के लिए दुकान जाते हैं और पीछे से क्रेन से स्कूटर और बाइक उठा लिए जाते हैं। सिग्नल सिस्टम लगाने में में ट्रेफिक पुलिस की कोई रूचि नहीं है। ब्रिज निर्माण के बाद परेशानी बढ़ीमेन रोड पर एलिवेटेड ब्रिज निर्माण कार्य शुरू होते ही मेन रोड संकरा हो गया है। इसके बावजूद सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। स्टेशन से आ रहे वाहन चालकों को रोड क्रास करने में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- एक दशक में 15 लाख वाहनों के बोझ तले दबा भोपाल शहर, हर सप्ताह एक पैदल यात्री गंवा रहा जान
ट्रैफिक पुलिस यातायात सुधार में बुरी तरह विफल रही है। हालांकि ट्रैफिक पुलिस का अमला आए दिन बाजार का निरीक्षण कर रहा है फिर भी व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। पूज्य सिंधी पंचायत के सचिव हरीश मेहरचंदानी का कहना है कि यातायात व्यवस्थित करने के लिए जारी प्लान पर अमल होना चाहिए। महापौर परिषद के सदस्य राजेश हिंगोरानी कहते हैं कि मेन रोड से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम आयुक्त से चर्चा करेंगे। फोटो- मेन रोड पर लगे सिग्नल लंबे समय से खराब हैं।