भोपाल से मालवा तक 11-11 घंटे लेट चल रहीं ट्रेनें, खाने और पानी के लिए भटकने को मजबूर हो रहे यात्री
बीना यार्ड में प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य की निर्धारित समयसीमा 15 अक्टूबर को पूरी हो गई, लेकिन ट्रेनों की देरी से यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है।
Publish Date: Wed, 28 Oct 2026 12:14:53 PM (IST)Updated Date: Wed, 28 Oct 2026 12:29:34 PM (IST)
भोपाल में रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में परेशान होते यात्री। नईदुनिया।HighLights
- बीना यार्ड में काम पूरा होने के बाद भी ट्रेनों की लेटलतीफी
- भोपाल से मालवा तक 6 से 11 घंटे तक देरी की शिकायतें
- कनेक्टिंग ट्रेन छूटने और खाना-पानी की परेशानी भी सामने आई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रेलवे में ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। कोई ट्रेन छह से सात घंटे देरी से चल रही है, तो किसी की देरी 11 घंटे से अधिक हो रही है। इससे यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेन छूटने का खतरा बढ़ रहा है। वहीं, नौकरीपेशा लोगों को कार्यालय पहुंचने और अन्य जरूरी काम समय पर निपटाने में परेशानी हो रही है।
बीना यार्ड में चल रहे कार्य के लिए रेलवे ने चरणबद्ध समयसीमा तय की है, लेकिन इसके बावजूद ट्रेनों की देरी यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है।
काम पूरा होने के बाद भी परेशानी
बीना यार्ड में कार्य के लिए 14 से 31 अगस्त 2026 तक पहला प्री-नान इंटरलाकिंग चरण, 1 सितंबर से 12 अक्टूबर तक दूसरा प्री-नान इंटरलाकिंग चरण और 13 से 15 अक्टूबर तक नान इंटरलाकिंग चरण निर्धारित किया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम चरण की समयसीमा भी पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को राहत नहीं मिल पा रही है।
एक्स पर यात्रियों ने बताईं ट्रेनों की लेटलतीफी
एक्स पर यात्रियों ने ट्रेनों की देरी की शिकायतें साझा कीं। ट्रेन नंबर 01123 छह घंटे 36 मिनट लेट थी और वाराणसी 12 घंटे से अधिक देरी से पहुंची। गोंडवाना एक्सप्रेस (12410) तीन घंटे देरी से रवाना हुई, जिससे बिलासपुर में कनेक्टिंग ट्रेन पकड़ने की चिंता बढ़ी। ट्रेन नंबर 04132 छह घंटे 30 मिनट लेट थी। यात्रियों ने इसमें खाना-पानी और पेंट्री कार नहीं होने की शिकायत की।
नितेश मंगल ने ट्रेन 19326 के सात घंटे, जबकि एआर खान ने ट्रेन 01079 के 11 घंटे से ज्यादा लेट होने की जानकारी दी। ट्रेन 12197 के गुना स्टेशन पर घंटों खड़े रहने की शिकायत भी मिली। वहीं धर्मेश जैन ने बताया कि ट्रेन 19483 के इटारसी दो घंटे देरी से पहुंचने से उनकी कनेक्टिंग ट्रेन 12646 छूट गई। स्टेशन मास्टर ने लेट स्लिप नहीं दी और टीडीआर दाखिल करने में भी परेशानी हुई।
एक सप्ताह से प्रमुख ट्रेनें भी प्रभावित
- भोपाल एक्सप्रेस (12155)- पिछले एक सप्ताह से भोपाल से दिल्ली पहुंचने में एक से दो घंटे की देरी हो रही है।
- शताब्दी एक्सप्रेस (12001)- पिछले एक सप्ताह से 30 मिनट से एक घंटे तक लेट चल रही है।
- मालवा एक्सप्रेस (12919)- तीन से चार घंटे की देरी से चलने की शिकायत है।
- पंजाब मेल (12137)- दो से तीन घंटे की देरी से चलने की शिकायत है।
कई ट्रेनें पिछले मंडलों से ही लेट आ रही हैं। इसके अलावा, प्लेटफॉर्म पर सुधार का काम भी चल रहा है। वहीं, मालगाड़ियों का अधिक परिचालन होने से रेल यातायात पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इन सभी कारणों से ट्रेनों के समयबद्ध संचालन पर असर पड़ रहा है।- डॉ. मधुर वर्मा, सीपीआरओ, जबलपुर