• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • भोपाल

भोपाल: करोड़ों की कोठी में बिना CCTV के रहते थे पूर्व IAS राकेश अग्रवाल; 10 दिन में बदले दो केयरटेकर, तीसरे ने की हत्या

एजेंसी से संपर्क के बाद 20 सितंबर तक दो केयरटेकर काम छोड़ चुके थे। इसके बाद रखे गए तीसरे केयरटेकर वरुण कुमार पर हत्या का आरोप है।

By prashant vyasEdited By: bhupendra Singh Rajput
Publish Date: Wed, 30 Sep 2026 10:29:18 PM (IST)Updated Date: Wed, 30 Sep 2026 10:29:18 PM (IST)
भोपाल: करोड़ों की कोठी में बिना CCTV के रहते थे पूर्व IAS राकेश अग्रवाल; 10 दिन में बदले दो केयरटेकर, तीसरे ने की हत्या
पूर्व IAS राकेश अग्रवाल का घर, आरोपी वरूण कुमार।

HighLights

  1. पूर्व IAS राकेश अग्रवाल के करोड़ों के मकान में एक भी सीसीटीवी नहीं
  2. पुलिस को दुकानों और रास्तों के निजी कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ रही है
  3. 10 दिन में दो लोगों के बाद तीसरे केयरटेकर वरुण कुमार पर हत्या का आरोप

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सूरज नगर में रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। करीब पांच हजार वर्गफीट में बने करोड़ों रुपये के आलीशान मकान में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं था।

वहीं पूरी गली में भी कैमरे नहीं मिले। घर में दो पालतू श्वान होने के बावजूद सुरक्षा के लिहाज से कोई निगरानी व्यवस्था नहीं थी। वहीं, देखभाल के लिए रखे गए केयरटेकर भी लगातार बदल रहे थे।

10 सितंबर को एजेंसी से संपर्क करने के बाद 20 सितंबर तक दो केयरटेकर काम छोड़ चुके थे। देखभाल के लिए रखे गए तीसरे केयरटेकर वरुण कुमार ने ही उनकी हत्या कर दी।

रास्तों के कैमरों में दिखा आरोपित

हत्या के बाद जांच में रातीबड़ पुलिस को नीलबड़ और भदभदा क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इनमें आरोपित रात करीब 2:50 बजे आते-जाते दिखाई दिया। घर और गली में कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस को आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे निजी कैमरों के फुटेज खंगालने पड़ रहे हैं।


अंतिम संस्कार के लिए बेटे का इंतजार

राकेश अग्रवाल का बेटा अमेरिका में रहता है। वह बुधवार को भारत के लिए रवाना हुआ और गुरुवार शाम तक भोपाल पहुंचने की संभावना है। बेटे के आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। बुधवार को उनके साले और दिल्ली कैडर के पूर्व आईएएस नलिन सिंघल की अनुमति से हमीदिया अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया।

मौत के बाद घर में अधिकारियों का जमावड़ा

हत्या की खबर के बाद दिनभर उनके घर पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का पहुंचना जारी रहा। पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस परिवार के साथ पहुंचे। इसके अलावा आइएएस राधेश्याम जुलानिया, रेरा के एमडी शैलेंद्र सिंह अरेरा, पूर्व डीजीपी मैथिलीशरण गुप्त और सेवानिवृत्त आइएएस मनोज श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी पहुंचे।

शौकिया पेंटर थे, आखिरी वक्त तक हाथों में थे रंग

राकेश अग्रवाल को पेंटिंग का शौक था। वह लैंडस्केप और पोर्ट्रेट शैली में चित्र बनाते थे। वरिष्ठ चित्रकार अखिलेश वर्मा के अनुसार, उनकी कृतियां देश के विभिन्न शहरों में प्रदर्शित हो चुकी थीं। वह भोपाल में बड़ी चित्र प्रदर्शनी आयोजित करने की तैयारी कर रहे थे।

फिटनेस के प्रति भी उनकी खास रुचि थी और वह इंटरनेट मीडिया पर इससे जुड़ी तस्वीरें साझा करते थे। उनकी मृत्यु के बाद भी दाएं हाथ की अंगुलियों पर हरे और नीले रंग के निशान दिखाई दिए। हाथ में ब्रश और बिस्तर के पीछे लगी पेंटिंग उनके कला प्रेम की गवाही दे रही थी।

मौत के बाद पहुंचा टूथब्रश का पार्सल

बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उनके घर एक पार्सल पहुंचा। डिलीवरी एजेंट के अनुसार, उसमें टूथब्रश था। राकेश अग्रवाल ने तीन दिन पहले इसे आनलाइन मंगवाया था, लेकिन सामान पहुंचने तक उनकी हत्या हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें- भोपाल में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में CM ने लिया संज्ञान, DGP को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

मोबाइल गुमने का बनाया बहाना

बागसेवनिया स्थित वर्मा होम हेल्थ केयर एजेंसी के संचालक अखिलेश वर्मा से भी रातीबड़ पुलिस ने पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वरुण ने अगस्त 2026 में आनलाइन मिले नंबर के जरिए उनसे संपर्क किया था। वह पंजाब के पटियाला से भोपाल आया था।

उस समय उसने जिस नंबर से फोन किया था, उसे अपनी बहन का बताया था। उसने आधार कार्ड, पैन कार्ड और पुलिस वैरीफिकेशन के दस्तावेज भी भेजे थे।

हालांकि, वैरीफिकेशन मई 2025 का था, जिसकी वैधता छह महीने बाद ही समाप्त हो गई थी। संचालक ने बताया कि वरुण ने 13 से 15 अगस्त तक अशोकागार्डन क्षेत्र के पंजाबी बाग में एक परिवार के यहां केयरटेकर का काम किया था।

इसके बाद उसने एक अन्य परिवार के यहां भी एक दिन काम किया और फिर वापस चला गया। 25 सितंबर को उसने दोबारा संपर्क कर नौकरी मांगी।

इस बार उसने महाराष्ट्र के पुणे में मोबाइल गुम होने का बहाना बनाया और नए नंबर से बात की। इसके बाद एजेंसी ने उसे रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल के घर 18 हजार रुपये महीने के वेतन पर केयरटेकर की नौकरी दिलाई।