
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नजीराबाद थाना क्षेत्र में पार्वती नदी में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों युवक नरसिंहगढ़ से लौटते समय पुराने पुल के पास नहाने के लिए नदी में उतरे थे, लेकिन गहरे पानी में चले जाने के कारण बाहर नहीं निकल सके।
सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 24 घंटे की तलाश के बाद गुरुवार को दोनों के शव नदी से बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दुर्जन सिंह बरकड़े ने बताया कि मेगना नवीन गांव निवासी सोनू अहिरवार (26) और गोलू अहिरवार (24) रिश्ते में चचेरे भाई थे।
दोनों परिवार के साथ खेती और मजदूरी का काम करते थे। बुधवार को वे किसी काम से नरसिंहगढ़ गए थे। लौटते समय पार्वती नदी के पुराने पुल के पास रुके और नहाने के लिए नदी में उतर गए।
इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण बुधवार रात अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह दोबारा सर्च आपरेशन शुरू किया गया।
देर रात तक दोनों युवक का शव नदी से निकाल लिया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवकों को तैरना नहीं आता था।
आशंका है कि नहाते समय पैर फिसलने या गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वे तेज बहाव और गहरे पानी में फंस गए। पुलिस को घटनास्थल पर खड़ी उनकी बाइक के पास से शराब की एक बोतल भी मिली है।