नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। मामला साकेत नगर निवासी सुनीता मेहरा से जुड़ा है, जिनकी पथरी का ऑपरेशन अप्रैल में सिनर्जी सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में हुआ था।
क्या है परिजनों के आरोप
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उनकी दोनों किडनियां प्रभावित हो गईं। परिवार के अनुसार, पहले उनका इलाज शहर के अलग-अलग अस्पतालों में कराया गया, लेकिन सुधार न होने पर उन्हें एम्स भोपाल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
35 से 40 लाख रुपये खर्च
फिलहाल महिला पिछले डेढ़ महीने से डायलिसिस पर हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि एम्स की जांच रिपोर्ट में ऑपरेशन के दौरान संक्रमण और लापरवाही के संकेत मिले हैं, जिससे स्थिति बिगड़ी। परिजनों का कहना है कि इलाज पर अब तक 35 से 40 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन कोई राहत नहीं मिली।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि इलाज पूरी तरह प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया था और कोई लापरवाही नहीं हुई।
पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी
गोविंदपुरा थाने में इसकी शिकायत दर्ज हुई है। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल परिवार न्याय और कार्रवाई की मांग कर रहा है, जबकि पूरा मामला जांच रिपोर्ट पर निर्भर है।
इनका कहना है
"शिकायत की जांच के लिए समिति गठित की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।"
- डॉ. मनीष शर्मा, सीएमएचओ, भोपाल
यह भी पढ़ें- ट्रेन में ऑनलाइन खाना मंगाने वाले सावधान! IRCTC का 15 बड़ी वेबसाइटों पर एक्शन; यात्रियों को साइबर ठगी से बचाने अभियान शुरू