
नईदुनिया प्रतिनिधि, नेपानगर। भवानी नगर निवासी भारती पाटिल (55) अपने ही घर में मृत अवस्था में पाई गई हैं। घर से तेज बदबू आने के बाद पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर देर शाम पुलिस ने उनके घर पहुंचकर शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार शव तीन से ज्यादा दिन पुराना लग रहा है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार भारती पाटिल घर में अकेली ही रहती थीं। दस साल पहले पति की मौत हो चुकी है। उनकी कोई संतान भी नहीं है। वे भाजपा में सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ ही घर में ब्यूटी पार्लर भी चलाती थीं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन से उनके घर से बदबू आ रही थी, लेकिन लोगों ने ध्यान नहीं दिया।
रविवार शाम पास की एक युवती पार्लर के काम से भारती के घर पहुंची। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं आया तो युवती ने दरवाजे को धकेला। दरवाजा खुलने पर उसने भारती पाटिल का शव बिस्तर पर पड़ा पाया। इसके बाद उसने अन्य लोगों को इसकी सूचना दी।
फिलहाल पुलिस को चोरी अथवा शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया महिला की मौत सामान्य बताई जा रही है। थाना प्रभारी सीताराम सोलंकी ने बताया कि महिला के साथ किसी प्रकार की कोई वारदात नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
यह भी पढ़ें- मुरैना में तालाब निर्माण में फर्जीवाड़ा, 32 सरपंच 7 सचिवों पर वारंट, 1 करोड़ 70 लाख की वसूली बाकी