एयर एम्बुलेंस का इंतजार करती रही दिल की बीमारी से जूझ रही ज्योति, हेलीकॉप्टर के बुरहानपुर पहुंचने से पहले हुई मौत
बुरहानपुर में दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रही ज्योति की एयर एम्बुलेंस पहुंचने से आधे घंटे पहले मौत हो गई। मौसम खराब होने से उड़ान पहले टल गई थी।
Publish Date: Sat, 05 Sep 2026 03:59:36 PM (IST)Updated Date: Sat, 05 Sep 2026 03:59:36 PM (IST)
एयर एम्बुलेंस के आने से पहले हारी जिंदगी की जंग। (नईदुनिया)HighLights
- दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रही ज्योति की मौत हुई।
- एयर एम्बुलेंस मौसम खराब होने से शुक्रवार उड़ान नहीं भर सकी।
- शनिवार साढ़े ग्यारह बजे ज्योति ने अंतिम सांस ली।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रही मांजरोद कला निवासी ज्योति पत्नी जितेंद्र क्षीरसागर ने शनिवार को एयर एम्बुलेंस पहुंचने से आधे घंटे पहले दम तोड़ दिया। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा था। स्वास्थ्य ज्यादा खराब होने पर स्वजन ने जिला प्रशासन से एयर एम्बुलेंस की मांग की थी। जिससे उसे इंदौर के अस्पताल में ले जाया जा सके।
मौसम खराब होने के कारण नहीं भर सका था उड़ान
- शुक्रवार सुबह ही एयर एम्बुलेंस को बुरहानपुर आकर ज्योति को ले जाना था, लेकिन भोपाल में मौसम ज्यादा खराब होने के कारण हेलिकाप्टर उड़ान नहीं भर सका था।
- शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे ज्योति ने अंतिम सांस ली। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे एयर एम्बुलेंस पहुंची। अस्पताल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों की सूचना के बाद हेलिकाप्टर वापस लौट गया।
दिल के वाल्व में थी खराबी
परिजन के अनुसार ज्योति के दिल के वाल्व में खराबी थी। करीब पांच साल पहले भी उसके ह्दय का आपरेशन किया गया था। बीते करीब एक माह से फिर उसे तकलीफ होनी शुरू हो गई थी।
पहली बार पहुंची एयर एम्बुलेंस
- प्रदेश सरकार की योजना के तहत गंभीर मरीजों को आवश्यकता होने पर तत्काल एयर एम्बुलेंस के माध्यम से बड़े शहरों के अच्छे अस्पतालों में भर्ती कराने और बेहतर उपचार प्रदान करने के निर्देश हैं।
- इससे पहले भी कई गंभीर मरीज सामने आ चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इससे पहले कभी एयर एम्बुलेंस नहीं बुलाई थी। यह पहला अवसर है जब एयर एम्बुलेंस बुलाई गई, लेकिन काफी देर हो जाने से मरीज को नहीं बचाया जा सका।