बुरहानपुर में पलक झपकते ही सोने के आभूषणों का बॉक्स उड़ा ले गईं महिलाएं, 45 लाख की लगाई चपत
शहर के फव्वारा चौक स्थित लक्ष्मण किशोर जुगल किशोर सराफा दुकान से 45 लाख के आभूषण चोरी करने वाली तीन महिलाओं का पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 01:23:38 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 02:21:20 PM (IST)
गहनों का बॉक्स चुराती महिला। -वीडियो ग्रैबHighLights
- सराफा व्यापारी को 45 लाख की चपत, नहीं मिला महिलाओं का सुराग
- बाहर बाइक पर खड़े थे आरोपी महिलाओं के साथी
- पता चला है कि ये शातिर महिलाएं किसी गिरोह की सदस्य हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर : शहर के फव्वारा चौक स्थित लक्ष्मण किशोर जुगल किशोर सराफा दुकान से 45 लाख के आभूषण चोरी करने वाली तीन महिलाओं का पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
आभूषण देखने के बहाने दुकान में पहुंचीं इन महिलाओं ने सराफा कारोबारी अनिल अग्रवाल का ध्यान भटका कर पलक झपकते ही आभूषणों का बॉक्स साड़ी में छिपा लिया और कुछ देर बार फरार हो गईं। चोरी की यह वारदात सोमवार शाम हुई थी।
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने पर खुला ठग महिलाओं का राज
महिलाओं के जाने के बाद जब व्यापारी को एक बॉक्स कम नजर आया तो उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। इससे ठग महिलाओं का राज खुला। दुकान से जो बॉक्स चोरी हुआ है उसमें 281.230 ग्राम सोने के आभूषण थे। सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह का कहना है कि शहर के और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बाहर बाइक पर खड़े थे साथी
सराफा व्यापारी ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे तो पता चला कि ठग महिलाओं के दो साथी बाइकों पर बाहर दुकान से कुछ दूरी पर खड़े थे। दुकान से निकलने के बाद तीनाें महिलाएं अपने दोनों साथियों के साथ बाइक पर बैठीं और फरार हो गईं।
ये शातिर महिलाएं किसी गिरोह की सदस्य हैं
पता चला है कि ये शातिर महिलाएं किसी गिरोह की सदस्य हैं। सूत्रों के अनुसार उन्होंने शहर की अन्य सराफा दुकानों के साथ ही खंडवा की दुकानों में भी पहुंचीं थीं, लेकिन वहां वे चोरी नहीं कर सकीं। पुलिस का कहना है कि गिरोह और इन ठग महिलाओं का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि शीघ्र ही ठग गिरोह को दबोच लिया जाएगा।