छिंदवाड़ा जिला अस्पताल की लिफ्ट में फंसा गंभीर मरीज, घुटन से आधे घंटे तक तड़पता रहा; मची अफरा-तफरी
घुटन और गर्मी से मरीज की हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 15 May 2026 09:12:50 AM (IST)Updated Date: Fri, 15 May 2026 09:12:50 AM (IST)
गंभीर पॉइजन पीड़ित मरीज आधे घंटे तक लिफ्ट में फंसा रहा। (AI Generated Image)HighLights
- छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में बड़ा हादसा
- लिफ्ट में आधे घंटे फंसा गंभीर मरीज
- मरीज के साथ 8 से 10 लोग भी कैद हुए
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले के जिला अस्पताल में बुधवार को बड़ी लापरवाही सामने आई। छिंदवाड़ा इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस जिला अस्पताल की खराब लिफ्ट में एक गंभीर मरीज करीब आधे घंटे तक फंसा रहा। मरीज के साथ स्ट्रेचर ले जा रहे 8 से 10 लोग भी लिफ्ट में कैद हो गए, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल के बीच बंद हुई लिफ्ट
जानकारी के अनुसार पॉइजन पीड़ित मरीज को निजी अस्पताल से रेफर कर जिला अस्पताल लाया गया था। मरीज की हालत नाजुक होने के कारण उसे स्ट्रेचर के जरिए ग्राउंड फ्लोर से पहली मंजिल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान लिफ्ट अचानक ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर के बीच बंद हो गई।
लिफ्ट रुकते ही अंदर मौजूद लोग घबरा गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे। बंद लिफ्ट में घुटन और भीषण गर्मी के कारण मरीज दर्द से तड़पता रहा। उसके साथ मौजूद स्वजनों और कर्मचारियों की हालत भी खराब होने लगी।
परिजनों ने बताई पूरी घटना
वार्ड बॉय सुनील असराठी ने बताया कि मरीज की स्थिति बेहद गंभीर थी और उसे तत्काल भर्ती कराना जरूरी था। वहीं मरीज के परिजन नवीन ने बताया कि वे कपूरदा से मरीज को लेकर आए थे। पहले से ही मरीज की हालत गंभीर थी और लिफ्ट में लंबे समय तक फंसे रहने से उसकी तबीयत और बिगड़ गई।
करीब आधे घंटे बाद अस्पताल कर्मचारियों ने मशक्कत कर लिफ्ट का दरवाजा खोला और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद मरीज को तुरंत वार्ड में भर्ती कराया गया।