
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। पांढुर्णा जिले में पारंपरिक गोटमार मेले का आयोजन हो रहा है। मेले के दौरान जाम नदी के दोनों किनारों पर बसे पांढुर्णा और सावरगांव के लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इस भीषण पत्थरबाजी में दोपहर तक 116 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है।
घायलों को मेला स्थल पर बनाए गए प्राथमिक चिकित्सा शिविरों में तुरंत उपचार दिया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने गंभीर मरीजों को तुरंत नागपुर जैसे बड़े अस्पतालों में रेफर करने के लिए एंबुलेंस और डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की है।
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। स्थिति पर नजर रखने के लिए 700 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र और संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
प्रशासन ने चोटों की गंभीरता को कम करने के लिए गुलेल के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है, ताकि मेले में होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।