
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। जिले के पलटवाड़ा गांव में शमशान घाट के पास एक मोड़ पर टेंट के सामान से लदी पिकअप (एमपी 28 जेडएम 4724) अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे सोसुना मोड़ के समीप हुआ। इस हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं, वहीं चार मजदूर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
हादसे में पिकअप चालक रोहित उर्फ अंतेश तुमराम निवासी छितरी और एक अन्य मजदूर की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक मजदूर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायल अरुण यादव, आजाद उईके, नितेश तुमराम, रघुवीर तुमराम का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। सभी घायल ग्राम छितरी थाना अमरवाड़ा के निवासी हैं।
पिकअप वाहन ग्राम छितरी से टेंट का सामान और मजदूरों को लेकर ठिसगोरा जा रहा था। जब वाहन पलटवाड़ा शमशान घाट के पास बने तीखे मोड़ पर पहुंचा, तो तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया।
बताया जा रहा है कि वाहन क्षमता से अधिक भरा हुआ था और मजदूर सामान के ऊपर बैठकर या लटककर सफर कर रहे थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और निजी वाहनों व एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल और परासिया भिजवाया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर जिले में बेखौफ दौड़ रहे ओवरलोड वाहनों और मजदूरों की सुरक्षा की अनदेखी को उजागर करता है।
टेंट व्यवसाय या निर्माण कार्यों में अक्सर मजदूरों को मालवाहक वाहनों में सामान के साथ ठूंस-ठूंस कर बैठाया जाता है, जो सीधे तौर पर मौत को दावत देना है।