छिंदवाड़ा के पर्यटन गांवों में शूटिंग के लिए पहुंची स्पेन की टीम, आदिवासी विवाह की रस्मों को कैमरे में किया कैद
रूरल टूरिज्म ऑफ द वर्ल्ड नाम की एक इंटरनेशनल टेलीविजन सीरीज की शूटिंग छिंदवाड़ा के चार पर्यटन ग्रामों में हुई। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 12 May 2026 06:33:02 PM (IST)Updated Date: Tue, 12 May 2026 06:39:33 PM (IST)
छिंदवाड़ा के पर्यटन गांवों में शूटिंग के लिए पहुंची स्पेन की टीम। फोटो नईदुनियाHighLights
- धूसावानी, सावरवानी, चिमटीपुर, तामिया क्षेत्र घूमा
- 80 यूरोपियन देशों में टेलीकास्ट करने का प्लान
- छिंदवाड़ा में शूटिंग के लिए समस्त व्यवस्थाएं की गईं
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के ग्रामीण पर्यटन को दुनिया भर में बढ़ावा देने के लिए मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में रूरल टूरिज्म ऑफ द वर्ल्ड नाम की एक इंटरनेशनल टेलीविजन सीरीज की शूटिंग छिंदवाड़ा के चार पर्यटन ग्रामों में हुई।
स्पेन से आई टीम ने तीन दिन तक सावरवानी, धूसावानी, चिमटीपुर, तामिया में रहकर पर्यटन एक्टिविटी, ग्रामीण व आदिवासी संस्कृति सहित पातालकोट में हुए आदिवासी विवाह की रस्मों को कैमरे में कैद किया।
यह पूरी तरह से डॉक्यूमेंट्री होगी
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध सचालक डॉ. इलैया राजा टी के नेतृत्व एवं अपर प्रबंध संचालक अभय अरविंद बेडेकर के मार्गदर्शन में प्रदेश की पर्यटन विशेषताओं को सम्मिलित कर इस शूटिंग की समग्र योजना तैयार की गई। यह पूरी तरह से डॉक्यूमेंट्री होगी और इसका मकसद इंटरनेशनल लेवल पर ग्रामीण और इको- टूरिज्म को बढ़ावा देना है।
80 यूरोपियन देशों में टेलीकास्ट करने का प्लान
इस प्रोजेक्ट को कलर्स कम्युनिकेशन ग्रुप स्पेन प्रोड्यूस कर रहा है और इसे लगभग 80 यूरोपियन देशों में टेलीकास्ट करने का प्लान है। यह इनिशिएटिव मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और स्पेन फिल्म कमीशन के बीच साइन किए गए एमओयू को आगे बढ़ाने के लिए है, जिसके तहत मध्य प्रदेश को इंटरनेशनल प्रोडक्शन के लिए एक अहम फिल्मिंग डेस्टिनेशन के तौर पर पहचाना गया है।
छिंदवाड़ा में शूटिंग के लिए समस्त व्यवस्थाएं की गईं
छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन व जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के मागदर्शन में छिंदवाड़ा के पर्यटन ग्रामों में शूटिंग के लिए समस्त व्यवस्थाएं की गईं। स्पेन से जुआन मार्टिनेज फ्रूटोस, एडुआर्डो निसा वाज़क्वेज, लुइस पेसेरो जाम्ब्रानो की टीम ने टूरिज्म बोर्ड के प्रतिनिधि आलोक चौबे, सुधेंद्र भारती व होम स्टे परियोजना के छिंदवाड़ा प्रभारी आरडी सिद्दीकी के सहयोग से शूटिंग पूरी की।