गांव में नहीं पहुंची 108 एंबुलेंस, यात्री प्रतीक्षालय में महिला को हुआ प्रसव, 10 दिन पहले पति की हुई थी मौत
प्रतीक्षालय से महज 100 मीटर की दूरी पर बम्होरी का उप स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन वहां स्वास्थ्य विभाग का कोई स्टाफ उपलब्ध नहीं था।
Publish Date: Thu, 09 Jul 2026 12:43:12 AM (IST)Updated Date: Thu, 09 Jul 2026 12:48:34 AM (IST)
यात्री प्रतीक्षालय में हो गया प्रसव।HighLights
- दमोह जिले के जबेरा का है यह मामला।
- 10 दिन पूर्व हुई थी उसके पति की मौत।
- घर में चल रहा था गंगाजलि का कार्यक्रम।
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने के कारण एक गर्भवती का बुधवार को यात्री प्रतीक्षालय में ही प्रसव हो गया। यह मामला जबेरा जनपद के ग्राम पंचायत माला के नया गांव टोला का है। स्वजन ने 108 एंबुलेंस को काल किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि एंबुलेंस को पहुंचने में करीब आठ घंटे का समय लगेगा।
![naidunia_image]()
ई-रिक्शा में ले जाते समय बैटरी हुई डिस्चार्ज
- कविता बाई (30) के पति रतन सिंह की 10 दिन पूर्व ही आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
- जब तेज प्रसव पीड़ा उठी, तब उनके घर गंगाजलि का कार्यक्रम चल रहा था।
- महिला की बिगड़ती हालत को देखकर रिश्तेदार उसे ई-रिक्शा से स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में बम्होरी बस स्टैंड के पास ई-रिक्शा की बैटरी डिस्चार्ज हो गई।
- इसके बाद महिला को पास ही बने यात्री प्रतीक्षालय में बैठाया। एक घंटे एंबुलेंस का इंतजार किया।
- प्रसव पीड़ा लगातार बढ़ने पर बम्होरी गांव की महिलाओं को बुलाया गया।
- उन्होंने साड़ियों से पर्दा बनाकर प्रतीक्षालय में ही सुरक्षित प्रसव कराया।
100 मीटर की दूरी उप स्वास्थ्य केंद्र में नहीं था स्टाफ
प्रतीक्षालय से महज 100 मीटर की दूरी पर बम्होरी का उप स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन वहां स्वास्थ्य विभाग का कोई स्टाफ उपलब्ध नहीं था। प्रसव के बाद बम्होरी सरपंच प्रतिनिधि रितेश राय ने अपने निजी वाहन से जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोंड पहुंचाने में मदद की। स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं।