

नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। दमोह पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के बाद भी पुलिस वर्दी में रील बनाने से किसी भी प्रकार का परहेज नहीं कर पा रही है। यही कारण है कि अधिकारियों पर ठोस कार्रवाई न होने के कारण उनके मंसूबे लगातार ही बढ़ते जा रहे हैं। इसी क्रम में दमोह देहात थाना की जबलपुर नाका चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रियंका पटेल का एक वीडियो सोमवार को काफी सुर्खियों में रहा।
इस वीडियो में वह पुलिस की वर्दी पहनी हुई दिखाई दे रही हैं और जिस पर एक संदेश लिखा है। इस संदेश को देखकर अधिकारियों ने इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं, जबकि इसमें जांच का कोई विषय ही नहीं है। स्पष्ट रूप से इसमें गलती परिलक्षित हो रही है और इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन जांच की बात कहकर अधिकारी इसे बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
वीडियो में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रियंका पटेल वर्दी में एक कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं। वीडियो में ऊपर लिखा है 'खुद की समस्याएं सुलझ नहीं रही और नौकरी दूसरों की समस्या सुलझाने वाली कर ली।' यह रील कब बनाई गई थी इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि जबलपुर नाका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक का एक वीडियो मिला है जिसकी जांच के निर्देश दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी, जबकि वीडियो में यह स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। इसके बाद भी अधिकारी जांच की बात कर रहे हैं।
इसके अलावा भदौरिया ने यह भी बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा अधिकारियों कर्मचारियों को अपने व्यवहार में संयम बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी रील या फोटो वायरल नहीं होनी चाहिए जिससे अनुशासनहीनता प्रदर्शित होती हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत कार्यक्रम से संबंधित पुलिस वर्दी में वायरल होना आपत्तिजनक है। इस मामले में जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।