
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना अंतर्गत ग्राम कबीरपुर में शनिवार की सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी सहित तीन बच्चों की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग 4 बजे द्वारका पटेल पुत्र कल्लू पटेल उम्र 28 वर्ष ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी खेमा पटेल 25 वर्ष, पुत्री उर्मिला पटेल 7 वर्ष, पुत्र उमेश 4 वर्ष और राजा 1 वर्ष की सोते समय हत्या कर दी।
हत्या के मामले में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच काफी लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। एक वर्ष पूर्व पत्नी खेमाबाई ने मगरोन थाने में पति के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया था। उसके बाद भी दोनों के बीच आपसी कलह बनी हुई थी।
शुक्रवार को भी दोनों के बीच विवाद होने पर आरोपी द्वारका पटेल के ससुर ने आकर दोनों को समझाकर मामला शांत कराया था। लेकिन उनके जाने के बाद रात में फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। उसके बाद सुबह पति ने चारों की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन पारिवारिक कलह किस बात को लेकर चल रही थी, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। घटना की जानकारी लगते ही घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के अलावा अन्य अधिकारी और FSL की टीम भी पहुंच गई है। मामले की जांच जारी है।