
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरोधा गांव में सोमवार की सुबह 4 बजे रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पत्नी के चरित्र पर संदेह और पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि दामाद ने अपने ही ससुर को घर में सोते समय कुल्हाड़ी मारकर मौत के घाट उतार दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी दामाद रामप्रसाद रैकवार अपनी पत्नी रश्मि रैकवार के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद और मारपीट होती थी।
मुंबई में मजदूरी करते थे दोनों
बताया जा रहा है कि दोनों मुंबई में मजदूरी करने गए थे, जहां भी चरित्र संदेह को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने के बाद रश्मि अपने ससुराल बमोरी गांव पहुंची, लेकिन वहां भी स्थिति सामान्य नहीं हुई।
परिजनों के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी द्वारा पत्नी के साथ कथित रूप से मारपीट की गई, जिसके बाद रश्मि करीब एक-दो दिन पहले अपने मायके पिपरोधा पहुंच गई थी। इसके बाद आरोपी भी उसके पीछे ससुराल पहुंच गया। परिजनों ने दोनों के बीच विवाद को देखते हुए रश्मि को कुछ दिन मायके में रहने की सलाह दी थी।
यह भी पढ़ें- प्रशासनिक कार्रवाई के बाद दमोह के सिंगौरगढ़ किला मार्ग से हटाया गया गेट, यह है पूरा मामला
हमले में भांजी घायल, अस्पताल में भर्ती
लेकिन सोमवार तड़के करीब 4 बजे विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि रामप्रसाद रैकवार निवासी लड़ई बम्हौरी ने घर में सो रहे अपने करीब 65 वर्षीय ससुर रमेश रैकवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात की आहट सुनकर मृतक की बड़ी बेटी की पुत्री जागी गंगाबाई ने जब बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले में गंगाबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- जन्मदिन में पार्टी न देने पर दोस्त को भेजा लीगल नोटिस, होटल में खाने से पड़े बीमार, अस्पताल का बिल भी मांगा