

नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। हटा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है, कार्रवाई का खुलासा दमोह एसपी आनंद कलादगी ने किया।
आरोपितों के पास से तीन पिस्टल, दो देसी कट्टे और नौ जिंदा कारतूस मिले, न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने आरोपितों को रिमांड पर लिया है।
एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से इन बदमाशों के बारे में सूचना मिली थी। इसके साथ ही आरोपितों ने अवैध हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें भी शेयर की थीं।
इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर तलाश शुरू की और एक-एक कर सभी नौ आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पूछताछ में पता चला है कि इन आरोपितों ने सिर्फ इलाके में दहशत फैलाने के मकसद से ये हथियार खरीदे थे, पकड़े गए आरोपितों में से कुछ कालेज की पढ़ाई भी कर चुके है और इनका कोई पुराना क्रिमिनल रिकार्ड सामने नहीं आया है।
पकड़े गए आरोपित जबलपुर, कटनी, पन्ना और दमोह जिले के रहने वाले है। इनमें यश अहिरवार उर्फ बंदर 20 निवासी महराजपुर, अधारताल जबलपुर, जीवनलाल वंशकार 20 निवासी चंद्रपुरा, थाना बाकल जिला कटनी, निखिल साहू 22 हटा जिला दमोह, अनुज चक्रवर्ती 22 हटा जिला दमोह, जय हिन्द यादव 22 इमलिया रैपुरा जिला पन्ना, दीपक सिंह लोधी 24 हटा जिला दमोह, आशीष लोधी 22 वर्ष नन्हे रैपुरा थाना बहोरीबंद जिला कटनी, दिनेश यादव उर्फ राधे 26 कुम्हारी थाना कुम्हारी जिला दमोह, जसवंत बर्मन उर्फ जब्बू हटा जिला दमोह को गिरफ्तार किया गया
शेष आरोपित सत्यम रैकवार हटा, उत्कर्ष साहू, अरविंद विश्वकर्मा हटा की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगा कि यह हथियार कहां से लाए गए थे।
इन गिरफ्तार आरोपितों से कुल पांच अवैध हथियार जिनमें तीन पिस्टल, दो देसी कट्टे एवं 09 जिंदा कारतूस जप्त किए गए। कार्रवाई में एसडीओपी हटा केपी सिंह के मार्गदर्शन मे टीम गठित की गई जिसमे से एक टीम निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी थाना प्रभारी हटा द्वारा किया गया।
इस कार्रवाई में सउनि मलखान सिंह चौकी बिलाई, प्रआर महेंद्र बाबू, रूपलाल, महेश यादव थाना पटेरा, साइबर शाखा से प्रआर सौरभ टंडन, राकेश अठ्या, थाना कुम्हारी से प्रआर रामकिशोर अहिरवार, सूर्यकांत पाण्डेय, आर बलवंत लोधी, थाना हटा से प्रआर अनिल गौतम, कमल ठाकुर, आर अभिषेक बारोलिया, विजय गंधर्व, चालक देवेंद्र मिश्रा की महत्वपूर्ण रही।