दतिया में भाजपा का झंडा लगाकर स्कॉर्पियो से हो रही थी शराब तस्करी, पुलिस ने 8 लाख का माल पकड़ा
भाजपा झंडा लगी स्कोर्पियो से अवैध शराब तस्करी का खुलासा हुआ। पुलिस ने 58 पेटियां और 8.32 लाख का माल जब्त किया, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 28 Mar 2026 11:26:00 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Mar 2026 11:44:45 AM (IST)
स्कोर्पियो से हो रही थी अवैध शराब की तस्करी। (फोटो- एआई जनरेटेड)HighLights
- भाजपा झंडा लगी स्कोर्पियो से अवैध शराब तस्करी पकड़ी गई
- पुलिस नाकाबंदी तोड़ चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
- वाहन से 58 पेटियां देशी प्लेन शराब बरामद की गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। भाजपा का झंडा लगी स्कोर्पियो से अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी। पंडोखर पुलिस ने वाहन को चैक किया, तो पूरा मामला खुल गया। इस दौरान वाहन चालक ने फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया।
पंडोखर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजावत ने बताया कि 26-27 मार्च की रात में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक भाजपा का झंडा लगी स्कोर्पियो कार अवैध शराब लेकर दबोह की ओर से आ रही है। सूचना पर थाना प्रभारी पंडोखर ने पुलिस बल के साथ सालौन तिराहा पर नाकाबंदी की।
चालक चकमा देकर भाग निकला
- दबोह की ओर से एक सफेद रंग की स्कोर्पियो तेज गति से आती हुई दिखाई दी। उसको रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर सालौन रोड की ओर भाग गया। पुलिस ने वाहन का पीछा किया। चालक ने बरका तिराहा, हसनपुर रोड के पास वाहन खड़ाकर खेतों की ओर भागने का प्रयास किया। वह अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
- स्कोर्पियो की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पीछे कुल 58 पेटियां देशी प्लेन शराब बरामद हुईं। पुलिस ने वाहन सहित कुल 8 लाख 32 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
- फरार आरोपित चालक के विरुद्ध आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस टीम आरोपू की जानकारी जुटाने में लगी है।