राजेंद्र भारती के मामले में सियासत तेज, हाईकोर्ट ने सुनवाई 15 अप्रैल तक टाली, BJP प्रदेश अध्यक्ष नरोत्तम मिश्रा से मिले
दतिया पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सजा पर हाईकोर्ट सुनवाई 15 अप्रैल तक टली। सियासी हलचल तेज, भाजपा नेताओं की बैठक से उपचुनाव की रणनीति पर चर्चाएं शु ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 07 Apr 2026 01:02:23 PM (IST)Updated Date: Tue, 07 Apr 2026 01:02:23 PM (IST)
दतिया के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के मामले की सुनवाई दिल्ली हाईकोर्ट ने टाली। (फाइल फोटो)HighLights
- हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद अगली तारीख 15 अप्रैल तय
- बैंक फ्रॉड मामले में भारती को तीन साल सजा मिली
- सजा के बाद दतिया विधानसभा सीट खाली हो चुकी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दतिया के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सजा के खिलाफ दायर अपील पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई के बाद अगली तारीख 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। न्यायाधीश डॉ. स्वर्ण कांता शर्मा ने दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद यह आदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि बैंक फ्रॉड मामले में राजेंद्र भारती को पिछली 2 अप्रैल को दिल्ली की एमपी/एमएलए कोर्ट ने 3 साल की सजा सुनाई थी। सजा के बाद उनकी विधायकी समाप्त हो गई, जिससे दतिया विधानसभा सीट खाली हो गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने की नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात
- सुनवाई टलने के साथ ही मध्यप्रदेश की राजनीति, विशेषकर भोपाल में हलचल तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के निवास पहुंचकर करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में चर्चा की। इस मुलाकात को दतिया उपचुनाव की संभावित रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
- दतिया विधानसभा सीट लंबे समय से डॉ. मिश्रा का मजबूत गढ़ रही है, जहां से वे तीन बार विधायक रह चुके हैं। हालांकि पिछले चुनाव में उन्हें कांग्रेस के राजेंद्र भारती से हार का सामना करना पड़ा था। वर्तमान परिस्थितियों में सीट खाली होने के कारण उपचुनाव की स्थिति बन रही है। ऐसे में डॉ. मिश्रा के फिर से मैदान में उतरने की संभावना प्रबल मानी जा रही है।
अब 15 अप्रैल की सुनवाई पर सबकी नजर
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, अब 15 अप्रैल की सुनवाई और उसके बाद के घटनाक्रम पर सबकी नजरें टिकी हैं, जो दतिया उपचुनाव की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकते हैं।