दतिया के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका: सजा पर रोक से इनकार, 15 अप्रैल को अगली सुनवाई
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को मंगलवार को हाई कोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिली। उन्होंने 1998 से 20 ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 07 Apr 2026 10:23:04 PM (IST)Updated Date: Tue, 07 Apr 2026 10:23:04 PM (IST)
(एआई से जेनरेट किया गया इमेज)नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को मंगलवार को हाई कोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिली। उन्होंने 1998 से 2011 के बीच अवैध ब्याज भुगतान पाने के लिए बैंक रिकॉर्ड में हेराफेरी से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में अपनी दोषसिद्धि और तीन साल की जेल की सजा के आदेश को चुनौती देते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में अपील की थी। सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की पीठ ने बैंक और मध्य प्रदेश पुलिस से जवाब मांगा है। वहीं, एक अन्य याचिका में दतिया सीट के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित न करने के निर्देश देने की मांग की थी। इस पर भी कोई रोक नहीं लगाई गई है। मामले में अगली सुनवाई 15 अप्रैल को होगी।
दोषसिद्धि के बाद सदस्यता हुई समाप्त, उपचुनाव की संभावना
बता दें कि दो अप्रैल को दिल्ली की एमपीएमएलए कोर्ट ने जिला सहकारी कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष व तत्कालीन विधायक भारती को तीन साल की कैद की सजा सुनाई थी। यह मामला सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मध्य प्रदेश से दिल्ली स्थानांतरित हुआ था। कोर्ट ने भारती को 60 दिनों की अवधि के लिए जमानत पर रिहा किया। उन्होंने हाई कोर्ट में अपील दायर की, जिस पर मंगलवार को सुनवाई हुई। इसमें उन्हें अंतरिम राहत नहीं मिली। सदस्यता समाप्त होने से रिक्त हुई दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की संभावना को देखते हुए एक याचिका चुनाव आयोग को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा न करने के निर्देश संबंधी भी दाखिल की थी। इस मांग पर भी कोई रोक नहीं लगाई गई।
सियासी बयानबाजी: कांग्रेस और भाजपा के बीच वार-पलटवार
उधर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह देश चुनावी सत्तावाद की तरफ जा रहा है। संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है, यह पूरे देश में दिखाई दे रहा है। राजेंद्र भारती की लड़ाई कांग्रेस की लड़ाई है। इस मामले में न्याय मिलेगा। वहीं, राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा का इतिहास सरकारें खरीदना, तोड़ना और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का रहा है। ऐसे में हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस एकजुट है और हमारे सभी विधायक पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करेंगे।
उनके हॉर्स ट्रेडिंग संबंधी बयान पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि जब हार सामने दिख रही हो तो उसे सही ठहराने के लिए रास्ता ढूंढना ही पड़ता है। कांग्रेस की स्थिति ऐसी ही है।