
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। मिलावटी और नकली मावे से मिठाई बनाने के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई में गुरुवार को जब्त सामग्री का नष्टीकरण कराया गया। बुधवार को नयापुरा स्थित न्यू स्वदेशी स्वीट्स और भोपाल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स से जब्त करीब 800 किलो मिठाई और लगभग 150 किलो एनालॉग मावे को प्रशासन की मौजूदगी में नष्ट किया गया।
ट्रेंचिंग ग्राउंड पर जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर मिठाई और मावे को उसमें डालकर नष्टीकरण कराया गया।नष्टीकरण के दौरान मिठाई के साथ उसे रखने वाली पैकिंग और अन्य सामग्री भी मौके पर नष्ट की गई। प्रशासन की टीम की मौजूदगी में गड्ढा खोदकर सामग्री उसमें डाली गई और उसे मिट्टी से दबाया गया।
नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकान संचालकों के खिलाफ अपर कलेक्टर न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार शाम नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर के नेतृत्व में प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम ने दोनों दुकानों पर अचानक जांच की थी। न्यू स्वदेशी स्वीट्स से 220 किलो एनालॉग मावे के यूज्ड पैकेट और 52 किलो भरे हुए पैकेट मिले थे। वहीं भोपाल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स से 600 किलो यूज्ड और 72 किलो भरे हुए मावे के पैकेट मिले थे। कार्रवाई के दौरान जिस स्थान पर मिठाई तैयार की जा रही थी, उसे सील कर दिया गया था।
प्रशासन की टीम ने गुरुवार को शहर की दो अन्य मिठाई दुकानों पर भी जांच की। यहां एनालॉग मावा नहीं मिला। त्योहारी सीजन में मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन और खाद्य विभाग की जांच आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें- देवास में मिलावटखोरों पर एक्शन, मिठाई दुकानों से 872 किलो मावे के पैकेट जब्त, सील की गई दुकानें