नईदुनिया न्यूज, सोनकच्छ। क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर से दो दिन पूर्व अचानक लापता हुए युवक का शव शुक्रवार को उज्जैन-भोपाल रेलवे ट्रैक पर शाजापुर जिले के बेरछा क्षेत्र में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
मामले में हत्या की आशंका जताते हुए आक्रोशित ग्रामीणों एवं समाजजनों ने ग्राम दौलतपुर में इंदौर-भोपाल हाईवे पर रास्ता जाम कर दिया।
34 वर्षीय गोपालसिंह पुत्र हिम्मतसिंह बागवान क्षेत्र के एक रिसोर्ट पर पापकार्न की दुकान चलाता था। बुधवार को स्वजन को कुछ बताए बिना वो कहीं चला गया था।
स्वजन उसकी तलाश में लगे थे लेकिन कुछ पता नहीं चल रहा था। गुरुवार को उसके छोटे भाई विनोद द्वारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
शुक्रवार को गाेपाल का शव बेरछा क्षेत्र की रेलवे पटरी पर मिला। इसका पता चलने पर स्वजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को शव सौंप दिया गया।
शव गांव लाने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उनका आरोप है कि गोपालसिंह की हत्या की गई है, उसका सिर व एक हाथ नहीं मिला है, मामले की न्यायिक जांच होना चाहिए।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गोपाल मृदुभाषी एवं मिलनसार व्यक्ति था, उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। रास्ता जाम की सूचना पर सोनकच्छ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी।
करीब 10-15 मिनट के प्रयास के बाद जाम खुलवा दिया। एसडीओपी दीपा मांडवे ने कहा घटनास्थल शाजापुर जिले में है, वहां संपर्क कर जानकारी ली जाएगी।