
नईदुनिया न्यूज, उदयनगर (देवास) : पुलिस के द्वारा पिछले करीब 22 दिनों में अवैध गांजे के मामले में तीसरी कार्रवाई की गई है। ग्राम कवटियापानी में तुअर की फसल के बीच चार-चार फीट के गांजे के पौधे लगे हुए थे।
मुखबिर की सूचना पर उदयनगर पुलिस पहुंची तो जंगल के पास पूनम मुजाल्दे के खेत में यह पौधे होेने का पता चला। इसके बाद खेत व पौधों की स्थिति देखने के लिए पुलिस ने ड्रोन का सहारा लिया। शनिवार दोपहर में कार्रवाई शुरू जो कई घंटे तक चलती रही।
थाना प्रभारी अभिनव शुक्ला ने बताया गांजे के 30 से अधिक पौधों को उखड़वाकर तौलाया गया तो इनका वजन 65 किलो निकला जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपए है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपित पूनम पर केस दर्ज किया गया है। कार्रवाई में एसआई राकेश सिंह, प्रधानारक्षक मनीष मीणा, आरक्षक दीपक पटेल आदि की टीम शामिल रही। इससे पूर्व पुलिस ने महिगांव पंचायत के गाराघाटी व बोरपड़ाव में गांजे के पौधे जब्त किए थे।
पुंजापुरा : शनिवार को क्षेत्र के बयड़ीपुरा नाले के सामने कांटाफोड रोड पुंजापुरा के पास दबिश देकर बागली पुलिस ने एक आरोपित को डेढ़ किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपित का नाम अमरसिंह निवासी पुंजापुरा है। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई जा रही है।
आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह जादौन, एसआइ हरिशंकर गोदार, एएसआइ मनोज शर्मा, प्रधानारक्षक रामप्रतापसिंह चौहान, अरुण चौहान, आरक्षक विशाल चन्द्रवंशी, सोहन पैकरा, सुलोचना पंवार, महेश सिसौदिया की टीम शामिल रही।
यह भी पढ़ें- MP में नशे के खिलाफ एक्शन: भोपाल संभाग से 426 किलो गांजा जब्त, 249 तस्करों पर केस