
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। अबकी बार...फिर बनेंगे स्टार। इसी ध्येय वाक्य के साथ नगर निगम की तैयारियों की परीक्षा का समय आ चुका है। स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर अब तक की जा रही तैयारियों को परखने के लिए टीम आज देवास आएगी। अलग-अलग मापदंडों पर सर्वे होगा। इसके आधार पर मार्किंग की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन की टीम सहित सफाई मित्रों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा है कि कोई कमी नहीं रखनी है। फिर से हमें देश में देवास को नंबर वन बनाना है।
स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयुक्त दलीप कुमार ने मंगलवार को निगम बैठक हाल में सर्वेक्षण के मानक स्तर पर अब तक किए गए कार्यों की वार्डवार गहन समीक्षा की। बैठक में संस्था द्वारा तैयार की गई पीपीटी को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया।
आयुक्त ने शहर के रेसिडेंशियल क्षेत्र, कमर्शियल एरिया, पार्क-गार्डन, बेकलेन, स्कूल परिसर, सीटी/पीटी, तालाब क्षेत्र, स्ट्रीट वेंडर जोन, फाउंटेन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। संस्था ने प्रत्येक वार्ड की स्वच्छता चिन्हित स्थिति में जो सुधार होना है, उन कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना को विस्तार से प्रस्तुत किया। आयुक्त ने संबंधित दरोगाओं एवं स्वच्छता अमले को स्पष्ट रूप से कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के सभी पैरामीटर आधारित कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुक्त ने अब तक किए गए कार्यों एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए निगम अधिकारियों, स्वच्छता अमले एवं संबंधित टीमों की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी और कहा कि आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने हेतु सभी अधिकारी-कर्मचारी समन्वय एवं सक्रियता के साथ कार्य करें, ताकि नगर निगम देवास स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।
आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई, सुंदरीकरण एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकें। साथ ही उपायुक्तों एवं संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक वार्ड में निर्धारित बिंदुओं पर सतत मानिटरिंग के साथ प्रतिदिन निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
स्वच्छ सर्वेक्षण: खरगोन में 60 मंदिरों के निर्माल्य से तैयार हो रही है अगरबत्ती