
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को देवास में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित उद्यमी संवाद में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। जबलपुर से देवास होते हुए इंदौर और उज्जैन तक औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है।
इससे देवास में उद्योगों के विस्तार के लिए भूमि की समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि देवास दो देवियों का वास है और यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि देवास के निकट देश का पहला डीप टेक रिसर्च पार्क विकसित हो रहा है।
औद्योगिक पार्कों में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के प्रविधान किए जा रहे हैं। इससे फाइव स्टार होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और श्रमिक आवास विकसित हो सकेंगे। उद्यमियों के उत्पादों की जांच के लिए आधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की दिशा में भी काम होगा। संवाद में उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
समाधान आनलाइन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और लापरवाही पर कार्रवाई की। समस्या का त्वरित समाधान नहीं करने, प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत नहीं कर पाने और उदासीनता के कारण महाप्रबंधक उद्योग रतनसिंह डाबर को निलंबित किया गया।
यह भी पढ़ें- CM मोहन यादव की वित्त और जलशक्ति मंत्रियों से खास मुद्दों पर चर्चा; शहरी विकास को मिलेगी रफ्तार
लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति में लापरवाही पर महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकी गई। नल जल योजना की शिकायत पर लापरवाह ठेकेदार पर 10 लाख रुपये जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए।
यह भी पढ़ें- खंडवा में सीएम बोले- दो लाख पदों पर होगी भर्ती; आदिवासी युवाओं को IAS बनाने कोचिंग देंगे