देवास जिला अस्पताल में पत्नी की सोनाग्राफी कराने आए युवक ने डॉक्टरों और स्टाफ से की मारपीट, कर्मचारियों ने किया काम बंद
अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर द्वारा बताया गया कि अभी सोनोग्राफी का समय नहीं आया है, इस पर युवक भड़क गया और नर्सिंग ऑफिसर से अभद्रता करना शुरू कर दी। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 30 Mar 2026 01:18:39 PM (IST)Updated Date: Mon, 30 Mar 2026 01:23:13 PM (IST)
देवास में अस्पताल के बाहर जमा हो गए थे सभी कर्मचारी।HighLights
- अस्पताल के कर्मचारियों ने कोतवाली पहुंचकर भी दर्ज कराई शिकायत
- पुलिस आरोपी को जिला अस्पताल से पकड़कर थाने ले गई थी
- आरोपी के परिजनों ने कहा- डॉक्टर ने अर्जेंट सोनोग्राफी करवाने का बोला
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। देवास जिला अस्पताल में अपनी पत्नी की सोनोग्राफी करवाने पहुंचे एक युवक ने डॉक्टर और नर्सिंग ऑफिसर की पिटाई कर दी। घटनाक्रम के बाद जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और सभी आकस्मिक चिकित्सा इकाई के बाहर इकट्ठा हो गए। मौके से ही युवक को पुलिसकर्मी पकड़कर कोतवाली थाने ले गए।
कुछ ही देर में सिविल सर्जन जिला अस्पताल पहुंचे और कर्मचारियों से चर्चा करने के बाद उन्हें फिर से काम पर जाने के लिए मनाया। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे जिला अस्पताल के मेटरनिटी विंग में आनंद नगर निवासी अमजद अपनी पत्नी शाहीन की सोनोग्राफी करवाने के लिए आया था। यहां नर्सिंग ऑफिसर द्वारा बताया गया कि अभी सोनोग्राफी का समय नहीं आया है, इस पर वह भड़क गया और नर्सिंग ऑफिसर से अभद्रता करना शुरू कर दी।
![naidunia_image]()
बीच बचाव करने आए डॉक्टर को भी मारा
इसी बीच अस्पताल के सोनोलॉजिस्ट डॉक्टर अजहरुद्दीन शेख ने बीच बचाव किया तो आरोपी ने डॉक्टर शेख के साथ भी मारपीट कर दी। घटना के तुरंत बाद अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मी ने आरोपी को पकड़ लिया और कोतवाली थाना ले गए। इधर बड़ी संख्या में चिकित्सक व अस्पताल स्टाफ के सदस्य भी कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज करवाया।
टीआई श्यामचंद्र शर्मा ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है। दूसरी तरफ आरोपी के स्वजन ने बताया कि वे 26 मार्च को आए थे।
![naidunia_image]()
महिला डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने अर्जेंट सोनोग्राफी करवाने का बोला। ये बात अस्पताल कर्मचारियों ने नहीं मानी और 28 अप्रैल को आने का बोल दिया। जब उनसे सोनोग्राफी करने का बोला तो अभद्रता करने लगे और पति से मारपीट की। टीआई शर्मा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।