
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। खातेगांव थाना प्रभारी रहे दिलीप पुरी गोस्वामी हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपित पाटेंद्र जायसवाल से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने लेनदेन संबंधी कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं। शराब दुकानों में जिन वाहनों का उपयोग होता था, उनको भी जब्त किया है। इनमें छह वाहन शामिल हैं।
एएसपी सौम्या जैन ने बताया कि टिमरनी शराब दुकानों में प्रयुक्त वाहनों को जब्त किया है। रुपयों के लेन-देन के संबंध में बैंक खातों की जानकारी निकलवा रहे हैं। विवेचना में जो तथ्य सामने आ रहे हैं, उनके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
जो टीम मनीष जायसवाल को लेकर अहमदाबाद गई थी, वह लौट आई है। वहां से कुछ दस्तावेज व अन्य सामान जब्त किया है। केरम सिंह को लेकर जो टीम आलीराजपुर गई थी, वह भी फॉरवर्ड लिंक को लेकर पड़ताल कर रही है।
पाटेंद्र की रिमांड अवधि 16 को खत्म होगी। कोर्ट में पेश कर दोबारा रिमांड मांगेंगे। अभी तक विजय राव, भूपेंद्र राणा व संदीप को जेल भेजा जा चुका है। शेष आरोपित रिमांड पर हैं, जिनसे घटनाक्रम से जुड़े अलग-अलग बिंदुओं के बारे में पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 9 थानों की 13 टीमों ने 50 घरों पर दी दबिश, 2.85 लाख का नशा बरामद, चरस-गांजा और 606 इंजेक्शन जब्त