भाजपा का नवाचार: समस्याएं बताओ, समाधान लेकर जाओ
MP News: अगर पुलिस आपकी सुन नहीं रही, तहसीलों में चप्पल घिसकर थक चुके हैं और अधिकारी मनमानी कर रहे हैं, तो भाजपा कार्यालय जाइये। यहां से समस्याओं के स ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 16 Dec 2025 11:54:32 AM (IST)Updated Date: Tue, 16 Dec 2025 11:56:54 AM (IST)
भाजपा का नवाचार: समस्याएं बताओ, समाधान लेकर जाओ।HighLights
- भाजपा ने पहली बार ऐसी पहल की
- सप्ताहभर पदाधिकारी समस्याएं सुनेंगे
- सुबह 11 से शाम 4 बजे तक रहेंगे उपस्थित
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। अगर पुलिस आपकी सुन नहीं रही, तहसीलों में चप्पल घिसकर थक चुके हैं और अधिकारी मनमानी कर रहे हैं, तो भाजपा कार्यालय जाइये। यहां से समस्याओं के समाधान का रास्ता निकल सकता है। भाजपा ने पहली बार ऐसी पहल की है, जिसके तहत सप्ताहभर जिले के पदाधिकारी लोगों की समस्याएं सुनेंगे, निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात करेंगे।
इतना ही नहीं, अधिकारियों व पुलिस थानों में संबंधित पदाधिकारियों के नाम-नंबर भी नोट करवाए हैं, ताकि उनका फोन आए तो उचित समाधान हो।
सुबह 11 से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहने के निर्देश
दरअसल, भाजपा ने जनसमस्याओं के निराकरण के लिए नवाचार किया है। इसके तहत जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने जिले के पदाधिकारियों को सप्ताह में अलग-अलग दिन में सुबह 11 से 4 बजे तक जिला भाजपा कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
इस अवधि में जिले से कोई भी भाजपा कार्यकर्ता अथवा आमजन कार्यालय पहुंचकर संबंधित पदाधिकारियों को अपनी समस्या बता सकता है। समस्या को नोट कर उसी समय संबंधित विभाग के अधिकारी से बात की जाएगी। निराकरण होने की स्थिति अथवा संभावना से प्रार्थी को अवगत करवाया जाएगा।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
सोमवार को जिला महामंत्री मनीष सोलंकी, जिला सह कार्यालय मंत्री पुष्पलता सोनगरा व जिला उपाध्यक्ष सोहन पटेल ने भाजपा कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनीं। जिलाध्यक्ष सेंधव भी उपस्थित रहे। अलग-अलग क्षेत्र के लोग समस्याएं लेकर पहुंचे। जिला महामंत्री राजेश यादव को भी सोमवार को उपस्थित रहना था, लेकिन वे अनुपस्थित रहे।
इस तरह की समस्याएं आईं
नेमावर के नागरिक ने समस्या बताई कि उन्होंने नेमावर के पास एक मुस्लिम व्यक्ति से जमीन खरीदी थी। रजिस्ट्री व नामांतरण भी हो गया, लेकिन कब्जा नहीं मिल रहा। जिलाध्यक्ष ने एसपी को फोन किया। समस्या बताई। एसपी ने आश्वस्त किया कि फोर्स भेजकर मंगलवार को कब्जा दिलवाया जाएगा।
विजयागंज मंडी क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने सुनवाई नहीं की। जिलाध्यक्ष ने संबधित थाने के टीआइ से बात की तब जाकर पुलिस ने सुनवाई की। इसी तरह सोनकच्छ थाना क्षेत्र के एक मामले में पुलिस से बात की। इसी तरह आंगनबाड़ी संबंधी समस्याएं भी लोग लेकर आए।
यह भी पढ़ें- माली हालत से उबरने को BSNL बेचेगा अपनी संपत्तियां, MP सरकार को खरीदने के लिए दिया ऑफर
सिर्फ भाजपाई नहीं, सबके लिए है व्यवस्था
जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने बताया कि जिले के प्रवास के दौरान यह पाया था कि कई लोगों को अपने कामकाज को लेकर परेशानी आती है। सरकारी महकमे में उनसे ठीक से बात नहीं की जाती। काम को लेकर वे परेशान होते हैं। इसलिए यह नवाचार किया ताकि जिले का कोई भी व्यक्ति परेशान न रहे।