देवास में शराब पर सियासत, सांसद ने की कार्रवाई की मांग तो भाजपा नेता ने कहा- कर रहे भ्रामक प्रचार
अवैध शराब और अहाता संचालन की शिकायत पर पुलिस व आबकारी विभाग ने कार्रवाई की थी। होटल को सील भी किया था। यह होटल भाजपा नेता की बताई जा रही है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 02 May 2026 12:59:11 PM (IST)Updated Date: Sat, 02 May 2026 12:59:11 PM (IST)
सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने लिखी फेसबुक पर पोस्ट। (सौजन्य इंटरनेट मीडिया)HighLights
- नागखूड़े स्थित होटल पर कार्रवाई कर पुलिस-प्रशासन ने किया था सील, अवैध शराब की थी शिकायत
- विधायक समर्थक भाजपा नेता का नाम आने पर सांसद ने इंटरनेट मीडिया पर लिखी पोस्ट
- सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी की मामले को लेकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट के बाद सियासत गर्मा गई है
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। शहर में इन दिनों अवैध शराब के मामले में सियासत गर्माई हुई है। आरोपों की जद में भाजपा ही है और सवाल भी भाजपा उठा रही। दरअसल, गत दिनों पुलिस व आबकारी विभाग ने उज्जैन रोड स्थित नागूखेड़ी में होटल में दबिश दी थी। अवैध शराब और अहाता संचालन की शिकायत पर कार्रवाई की गई। तहसीलदार ने होटल को सील किया था। यह होटल भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष जुगनू गोस्वामी का बताया गया, जिसके बाद से ही राजनीति गर्माई हुई है।
सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने मामले को लेकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट लिखी। इसमें लिखा कि ऐसे स्वार्थी व असामाजिक तत्वों का पार्टी में कोई स्थान नहीं है। ऐसे लोगों को पार्टी से निष्कासित करने की कार्रवाई जिलाध्यक्ष डा. रायसिंह सेंधव को करनी चाहिए। पोस्ट में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, डा. महेंद्र सिंह को भी टैग किया। सांसद की पोस्ट के राजनीतिक मायने इस तरह से भी निकाले गए कि जुगनू गोस्वामी देवास विधायक गायत्रीराजे पवार के समर्थक हैं। सांसद सोलंकी और विधायक पवार के बीच राजनीतिक खींचतान से भोपाल-दिल्ली तक वाकिफ है।
विघ्नसंतोषी राजनीतिक द्वेष के कारण जोड़ रहे नाम
खुद पर लगे आरोपों को जुगनू गोस्वामी ने निराधार बताया। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर कहा कि होटल व ढाबा नागूखेड़ी में पुलिस-प्रशासन व आबकारी विभाग ने जो कार्रवाई की, उससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मेरा नाम विघ्नसंतोषियों द्वारा राजनीतिक द्वेष के कारण जोड़ा जा रहा, जो गलत है। यह होटल मेरी रेंटल प्रापर्टी है, जिसे मैंने शाजापुर निवासी अजय गुर्जर को किराए पर दिया है। मुझे कोई जानकारी नहीं कि वहां क्या हो रहा था। मेरा वहां आना-जाना भी नहीं होता। इसमें मेरा या भाजपा को कोई दखल नहीं है। मैं जनसंघ के परिवार से हूं। भाजपा का कार्यकर्ता हूं। कभी भाजपा के सम्मान में कमी नहीं आने दी। मेरे राजनीतिक विरोधी भ्रामक प्रचार कर रहे हैं।
जुगनू गोस्वामी से मांगा जवाब
भाजपा जिलाध्यक्ष डा. रायसिंह सेंधव ने कहा कि सांसद की पोस्ट के बाद उनसे चर्चा की थी। चर्चा के आधार पर जुगनू गोस्वामी से बात की और कहा कि जिन कामों से पार्टी की छवि धूमिल होती है, यदि उनमें आप लिप्त हैं तो यह गलत है। गोस्वामी ने जवाब दिया कि उक्त होटल उन्होंने किराए से दे रखी है। इसका एग्रीमेंट भी हैं। जिस किराएदार ने यह किया है, उस पर कार्रवाई करूंगा।